पुलिस के अनुसार सुरेन्द्रनगर के लीमड़ी निवासी अभिषेक परमार बीए की पढ़ाई कर रहा है। डेढ़ महीने पहले उसकी बहन ने गांव में ही रहने वाले और ऑटो रिक्शा चलाने वाले आकाश मकवाणा के साथ प्रेम संबंध होने के चलते प्रेम विवाह कर लिया। यह विवाह अभिषेक परमार और उसके परिजनों को पसंद नहीं था। ऐसे में उसकी बहन और उसका पति आकाश सुरेन्द्रनगर छोड़कर अहमदाबाद में अमराईवाड़ी इलाके में रहने लगे। अभिषेक को यह बात पसंद नहीं थी। ऐसे में वह भी चार पांच दिन पहले अहमदाबाद के चाणक्यपुरी में अपने संबंधी के यहां आया और उसने बहन को समझाने की कोशिश की। लेकिन वह नहीं मानी।
समाधान के बहाने मिलने बुलाकर किया हमला
पुलिस के तहत अभिषेक ने उसकी बहन को वॉट्सएप पर मैसेज करके समाधान करने के बहाने से मिलने के लिए साबरमती रिवरफ्रंट पर बुलाया था। बहन के पूछने पर उसने यह भी कहा था कि तूने विवाह कर लिया है, तो वह आकाश को अपना लेगा। ऐसे में साबरमती रिवरफ्रंट पर बहन उसके पति आकाश मकवाणा को लेकर भाई अभिषेक से मिलने पहुंची। यहां दोनों भाई-बहन ने बातचीत की। इसके बाद आकाश स्कूटर पर अभिषेक और पत्नी को लेकर शाहपुर लाला काका हॉल के पास से गुजर रहा था। उसी समय अभिषेक ने चाकू से आकाश पर वार कर दिया, जिससे जख्मी आकाश ने स्कूटर रोका। और जमीन पर गिर गया। अभिषेक वहां से फरार हो गया। उपचार के लिए आकाश को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है।