शराब पीने को लेकर हुआ था विवाद
मृतक की पत्नी मंजू ने बताया कि गुरुवार देर शाम चंद किशोर अपनी भतीजी की लगन से लौटे थे। उसी समय उनके घर पर पड़ोस में आई एक अन्य बारात के कुछ मेहमानों ने बीयर पी थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद चंद किशोर गुस्से में घर से निकल गए और रातभर नहीं लौटे। सुबह उनका शव पेड़ पर लटका मिला।
परिवार में मचा कोहराम, शादी की खुशियां ग़म में बदलीं
मृतक चंद किशोर खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। वह पत्नी मंजू और तीन बच्चों अजित, रूसी और नवनीत को पीछे छोड़ गए हैं। खास बात यह है कि शुक्रवार को ही मृतक के बड़े भाई की बेटी की बारात आने वाली थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। महिलाएं मंगल गीत गा रही थीं और घर मेहमानों से भरा हुआ था। लेकिन जैसे ही चंद किशोर की आत्महत्या की खबर फैली, पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शादी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
थाना अध्यक्ष दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की जांच जारी है।