scriptRajasthan News: राजस्थान में यहां बदल गया नगर निगम का नक्शा, 32 नए गांव हुए शामिल | 32 new villages included in Bharatpur Municipal Corporation | Patrika News
भरतपुर

Rajasthan News: राजस्थान में यहां बदल गया नगर निगम का नक्शा, 32 नए गांव हुए शामिल

Rajasthan News: पार्षद और मेयर का कार्यकाल खत्म होने के बाद अब नगर निगम की सीमा तीन दिशाओं में और आगे बढ़ गई है।

भरतपुरFeb 01, 2025 / 09:19 am

Anil Prajapat

rajasthan-map
Bharatpur News: भरतपुर। पार्षद और मेयर का कार्यकाल खत्म होने के बाद अब नगर निगम की सीमा तीन दिशाओं में और आगे बढ़ गई है। निगम ने चिकसाना, तुहिया और सेवर की ओर अपनी सीमाओं का विस्तार किया है। टीमों के सर्वे के बाद सीमा क्षेत्र का विस्तार कर नक्शा जारी कर दिया है। यह विस्तार वर्ष 2011 की जनगणना के मुताबिक किया है।
नगर निगम के सीमा विस्तार से पहले भरतपुर विकास प्राधिकरण (बीडीए) में भी इनमें से बहुतेरे गांव शामिल हो चुके हैं। अब बीडीए के बाद निगम ने इन गांवों को अपने क्षेत्र में शामिल कर लिया है।
निगम ने शामिल किए गांवों की जनसंख्या को वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार 37 हजार 942 माना है, जबकि अब जनसंख्या इससे काफी ज्यादा है। नगर निगम के सीमा विस्तार से न केवल प्रशासनिक फैसले में बदलाव आएगा, बल्कि इससे स्थानीय विकास और नागरिक सुविधाओं में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
इस कदम से नगर निगम क्षेत्र में शामिल होने वाले नए गांवों के नागरिकों को सरकारी योजनाओं का फायदा भी आसानी से मिल सकेगा। वर्तमान में नगर निगम और विकास प्राधिकरण दोनों ही इस विस्तार के बाद क्षेत्रीय विकास की नई दिशा पर काम करने के लिए तत्पर हैं।
अब इन गांवों में आधारभूत संरचनाओं के विकास और नागरिक सेवाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह कदम भरतपुर शहर की सीमा विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है, जो भविष्य में यहां के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक साबित होगा।

वार्ड 65 ही रहेंगे

जनसंख्या मापदंडों के अनुसार निगम क्षेत्र में वार्ड 65 ही रहेंगे। परिसीमन के तहत वार्डों की सीमाओं का विस्तार कर दिया जाएगा। अब शामिल किए गए गांवों के लिए अलग से नया वार्ड नहीं बनाया जाएगा। जानकार बताते हैं कि 3.5 लाख की जनसंख्या में 65 वार्ड ही हो सकते हैं। यह सीमांकन निगम ने राजस्व नक्शों के आधार पर किया है।
यह भी पढ़ें

राजस्थान के इस शहर में नगर निगम का बढ़ेगा दायरा, 65 के बजाय होंगे 70 वार्ड

अब यह गांव होंगे नगर निगम का हिस्सा

नगर निगम के सीमा क्षेत्र का विस्तार होने के बाद अब ग्राम पंचायत का राजस्व गांव बछामदी, बरेला का नगला, नगला कसौटा एवं नगला हींस का संपूर्ण सीमा क्षेत्र। ग्राम पंचायत बरसो के राजस्व गांव बरसो के साथ जाटौली घना, नगला गोपाल आराजी सालगा का संपूर्ण क्षेत्र। ग्राम पंचायत मडरपुर का राजस्व गांव मडरपुर, बराखुर, जिरौली एवं नगला लोधा का संपूर्ण सीमा क्षेत्र। ग्राम पंचायत मलाह के राजस्व गांव मलाह के साथ नगला झीलरा का संपूर्ण सीमा क्षेत्र।
ग्राम पंचायत रामपुरा के राजस्व गांव रामपुरा के साथ नगला सैह, मडौली, नगला तेरहिया का संपूर्ण क्षेत्र। ग्राम पंचायत मुरवारा के राजस्व गांव मुरवारा के साथ चक मुरवारा, अचलपुरा, मुण्डवा, गिरधरपुर, अड्डी एवं चक भांडोर का संपूर्ण क्षेत्र। ग्राम पंचायत तुहिया के राजस्व गांव तुहिया के साथ टोंटपुर, भाडौर, घना भाडौर, चक घना भाडौर, नगला करन सिंह एवं चक नगला करन सिंह का संपूर्ण सीमा क्षेत्र तथा ग्राम पंचायत जघीना के राजस्व गांव भवनपुरा का सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र अब भरतपुर नगर निगम के सीमा क्षेत्र में शामिल होंगे।

इनका कहना है

परिसीमन के बाद गांवों को शामिल कर लिया गया है। अब जल्दी ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
-श्रवण कुमार, आयुक्त, नगर निगम, भरतपुर


यह भी पढ़ें

राजस्थान में निकायों की सीमा बढ़ाने पर आया लेटेस्ट अपडेट

Hindi News / Bharatpur / Rajasthan News: राजस्थान में यहां बदल गया नगर निगम का नक्शा, 32 नए गांव हुए शामिल

ट्रेंडिंग वीडियो