राजस्थान के भरतपुर में चिकसाना थाना इलाके के पीरनगर गांव निवासी दो युवकों के मंगलवार को उत्तरप्रदेश के सोरोजी में गंगा नदी के कछला घाट पर डूबने से हुई मौत के बाद गांव में शोक की लहर छा गई। दोनों युवक अस्थियां विसर्जन के लिए गए थे।
पुलिस ने बताया कि अपने परिवार के सदस्यों के साथ 90 वर्षीय दादा अमर सिंह की अस्थियां विसर्जन के लिए सोरोजी गए दो चचेरे भाई सुमित सिंह (17) और समीर सिंह (16) के शव कछला घाट से करीब आठ किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसे मिले। दोनों के शव बदायूं अस्पताल की मोर्चरी से पोस्टमार्टम के बाद भरतपुर लाए जाएंगे।
यह वीडियो भी देखें
उत्तर प्रदेश गए थे 35 सदस्य
प्राप्त जानकारी के अनुसार दादा की अस्थियां विसर्जन के लिए परिवार के करीब 35 सदस्यों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से सोरोजी गए इन लोगों में से नहाते समय भोला (24), अमित (26), मोनू (18), सुमित सिंह एवं समीर सिंह गहरे पानी में चले गए और पांचों भाई डूबने लगे। इस दौरान एक नाविक ने तीन भाइयों को बचा लिया, लेकिन दो सुमित एवं समीर को नहीं बचाया जा सका। हादसे की सूचना के बाद पीरनगर गांव में शोक की लहर छा गई। वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया
वहीं घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद समीर और सुमित को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। दोनों का शव सोमवार को झाड़ियों में फंसा मिला। फिलहाल उनके शवों को बदायूं अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है।