बैंकों का बिजनेस और लाभ लगातार बढ़ रहा है पर कर्मचारियों, अधिकारियों को इस अनुपात में फायदा नहीं मिल रहा। बैंकों में लाखों पद रिक्त हैं। भर्ती न होने से बैंक कर्मियों पर काम का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। ऐसी अनेक समस्याओं, मांगों के निराकरण के लिए बैंक कर्मचारी सड़क पर उतर आए। भोपाल के यूको बैंक जोनल ऑफिस के सामने जोरदार प्रदर्शन किया।
बैंक कर्मचारियों ने मुख्यत: बैंकों में खाली पदों पर भर्ती, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के क्रियान्वयन की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। बैंक कर्मियों ने बताया कि मांगें पूरी न होने पर 24 और 25 मार्च को राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर इसमें देशभर की सभी बैंकों के 10 लाख से अधिक बैंक कर्मचारी, अधिकारी शामिल होंगे। राष्ट्रव्यापी हड़ताल में एमपी के भी 50 हजार से ज्यादा कर्मचारी, अधिकारी शामिल होंगे।
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगें … - सभी संवर्गों में खाली पदों पर भर्ती की जाए।
- बैंकों में पांच दिवसीय सप्ताह का क्रियान्वयन करें।
- बैंकों के नियमित कार्यों में आउटसोर्सिंग बंद की जाए।
- बैंक कर्मियों को उचित सुरक्षा दें। दुर्व्यवहार और हमलों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
- अस्थाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
- पेंशन अपडेशन एवं पेंशन योजना में सुधार करें।
- डीए से जुड़ी समस्या हल करें।