सुरक्षा कारणों से पायलट ने तुरंत विमान को वापस ऊपर उठा लिया और इसे भोपाल की ओर डायवर्ट कर दिया। यात्रियों को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो वे कुछ समय के लिए घबरा गए। हालांकि, पायलट की सतर्कता के कारण संभावित हादसे को टाल दिया गया। घटना मंगलवार रात की है जिसकी पूरी जानकारी गुरूवार को सामने आई है।
क्या हुआ था?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान संख्या 5243 ने रात 10:55 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से नागपुर के लिए उड़ान भरी थी। नागपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान पायलट ने रनवे पर एक कुत्ता देखा। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए उन्होंने विमान को 12:30 से 1 बजे के बीच भोपाल राजा भोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट कर दिया।
इस दौरान नागपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति की समीक्षा की और यह सुनिश्चित किया कि रनवे पर अब कोई जानवर न हो। स्थिति स्पष्ट होने के बाद विमान को दोबारा नागपुर लाने की अनुमति दी गई। इसके बाद विमान रात 2:30 बजे नागपुर लौट आया। इस घटना के कारण यात्रियों को निर्धारित समय 12:35 बजे के बजाय देरी का सामना करना पड़ा।
सतर्कता से टला हादसा
अगर पायलट ने समय रहते निर्णय न लिया होता, तो यह घटना किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी। एयरपोर्ट प्रशासन को इस मामले से सीख लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।