भीषण गर्मी के बाद नर्मदापुरम में बारिश की बूंदें राहत के रूप में बरसीं। जिले में कई जगहों पर प्री मानसून एक्टिविटी के कारण बरसात हुई। सिवनी मालवा में दोपहर में करीब पौन घंटे तक पानी गिरा। नर्मदापुरम के ही पिपरिया में एकाएक गरज चमक के साथ बरसात हुई जिससे मौसम में ठंडक घुल गई।
मध्यप्रदेश के बड़वानी में भी बारिश हुई। यहां घने बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा पसर गया। खंडवा में तेज बरसात हुई जिसके साथ आंधी भी चली। जोरदार आंधी के कारण लोगों को जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की शरण लेने भागते देखा गया।
राजधानी भोपाल के रातीबढ़ में हादसा हो गया। यहां के केकड़िया गांव के 12 साल के विशाल चौहान की बिजली गिरने से मौत हो गई। वह अपने खेत से लौट रहा था तभी बिजली गिर गई।
प्रदेश के 47 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 47 जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें अलीराजपुर, आगर-मालवा, अशोकनगर, बुरहानपुर, बड़वानी, भोपाल, बैतूल, भिंड, छिंदवाड़ा, दतिया, धार, देवास, डिंडौरी, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, नीमच, मुरैना, रीवा, पन्ना, दमोह, मंडला, बालाघाट, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सागर, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, हरदा, सीहोर, शाजापुर, खंडवा, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, सतना, मैहर, मऊगंज, कटनी, जबलपुर, सिवनी शामिल हैं।