सस्ता सोना खरीदना हुआ आसान, 9 Carat Gold पर भी मिलेगी शुद्धता की गारंटी, 24, 22, 18, 14 और 9 कैरेट का क्या है मतलब?
9 Carat Gold Purity: भारतीय मानक ब्यूरो ने 9 कैरेट गोल्ड पर भी हॉलमार्किंग अनिवार्य कर दी है। यानी इस गोल्ड पर भी अब आपको शुद्धता की गारंटी मिलेगी। यह सोना 24, 22, 18 और 14 कैरेट गोल्ड से सस्ता होता है।
9 कैरेट गोल्ड पर हॉलमार्किंग लागू हो गई है। (PC: Pexels)
9 Carat Gold Purity: अब सोने के 9 कैरेट के गहनों पर भी हॉलमार्किंग अनिवार्य होगी। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के तहत काम करने वाले संगठन भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) ने कहा है कि नए नियम इसी महीने से लागू कर दिए हैं। हॉलमार्किंग से पता चलता है कि सोना कितना शुद्ध है। बाजार में सोने की कीमतें तेजी से बढ़ी है। ऐसे में लोग अब नौ कैरेट सोने के भी गहने खरीदने लगे हैं। ये गहने 22 कैरेट या 18 कैरेट के गहनों के मुकाबले काफी सस्ते होते हैं। बीआइएस के मुताबिक अब हॉलमार्किंग में 24 कैरेट, 23 कैरेट, 22कैरेट, 20 कैरेट, 18 कैरेट, 14 कैरेट और 9 कैरेट शामिल होंगे।
बीआईएस ने अपने नियमों में कुछ बदलाव भी किए हैं। अब सोने की घड़ियां और पेन को कलाकृतियों की परिभाषा से बाहर कर दिया गया है। अब इन पर हॉलमार्किंग अनिवार्य नहीं होगी। सोने के सिक्कों के बारे में भी नया नियम बनाया गया है। अब 24 कैरेट सोने की पतली शीट से बने सिक्के को ही सोना माना जाएगा। इन सिक्कों को केवल टकसाल या रिफाइनरी द्वारा ही बनाया जाना चाहिए और इसकी लीगल करेंसी वैल्यू नहीं होनी चाहिए।
कितना प्योर होता है 9 कैरेट गोल्ड?
9 कैरेट गोल्ड को 375 गोल्ड के नाम से भी जाना जाता है। इसमें 37.5 फीसदी सोना होता है। यानी इस सोने में 62.5 फीसदी मिलावट होती है। यह मिलावट चांदी, तांबा, जिंक जैसी अन्य धातुओं की होती हैं। आजकल 9 कैरेट गोल्ड की भी जूलरी बन रही है। कीमतें बढ़ने से अब 22 कैरेट गोल्ड की जूलरी खरीदना आम लोगों की पहुंच से बाहर हो गया है। ऐसे में वे 18 या 9 कैरेट गोल्ड की सस्ती जूलरी खरीद रहे हैं।
कैरेट
सोना
मिलावट
24
99.99%
0.01%
22
91.67%
8.33%
18
75%
25%
14
58%
42%
9
37.5%
62.5%
कितना प्योर होता है 24 कैरेट गोल्ड?
24 कैरेट गोल्ड सबसे शुद्ध सोना होता है। यह सोना 99.99 फीसदी प्योर होता है। इसलिए इसे 999 गोल्ड भी कहते हैं। इस सोने की जूलरी नहीं बनाई जा सकती है। यह सोना ईंट या बार के रूप में मिलता है। 24 कैरेट सोने की शीट से गोल्ड कॉइन्स भी बनते हैं। लोग अक्सर यह सोना इन्वेस्टमेंट के उद्देश्य से खरीदते हैं। इस सोने का मौजूदा भाव 98,240 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
कितना प्योर होता है 22 कैरेट गोल्ड?
सबसे अधिक प्योर गोल्ड जूलरी 22 कैरेट सोने की बनती है। यह सोना 91.67 फीसदी प्योर होता है। इसलिए इसे 916 गोल्ड भी कहा जाता है। इस सोने में 8.33 फीसदी मिलावट होती है। यह मिलावट चांदी, तांबा, जिंक जैसी दूसरी धातुओं की होती है। जूलरी बनाने के लिए सोने में मिलावट करना जरूरी होता है। सोने की अधिकतर जूलरी इसी कैटेगरी की होती हैं। इस सोने का मौजूदा भाव 95,890 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
कितना प्योर होता है 18 कैरेट गोल्ड?
18 कैरेट गोल्ड 75 फीसदी शुद्ध सोना होता है। यानी 25 फीसदी मिलावट होती है। इसमें 18 भाग सोना होता है और 6 भाग मिलावट होती है। इस गोल्ड की भी जूलरी बनाई जाती है। इस सोने में चांदी, तांबा और जिंक जैसे मेटल्स की मिलावट की जाती है। इस सोने का मौजूदा भाव 79,580 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
कितना प्योर होता है 14 कैरेट गोल्ड?
14 कैरेट गोल्ड 24, 22 और 18 कैरेट गोल्ड की तुलना में सस्ता होता है। 14 कैरेट गोल्ड 58 फीसदी शुद्ध सोना होता है। इसलिए इसे 585 गोल्ड के नाम से भी जानते हैं। इसमें 42 फीसदी मिलावट होती है। इस गोल्ड की भी जूलरी बनती है। इस सोने का मौजूदा भाव 63,370 रुपये प्रति 10 ग्राम है।
Hindi News / Business / सस्ता सोना खरीदना हुआ आसान, 9 Carat Gold पर भी मिलेगी शुद्धता की गारंटी, 24, 22, 18, 14 और 9 कैरेट का क्या है मतलब?