scriptछतरपुर के होनहार: 12वीं की स्टेट मेरिट में 5 और 10वीं में 19 छात्रों ने बनाई जगह, शासकीय स्कूलों का दबदबा | Patrika News
छतरपुर

छतरपुर के होनहार: 12वीं की स्टेट मेरिट में 5 और 10वीं में 19 छात्रों ने बनाई जगह, शासकीय स्कूलों का दबदबा

प्रदेश स्तर की मेरिट सूची में कुल 19 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया है, जिनमें अधिकांश शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 छतरपुर से हैं। यह उपलब्धि न केवल छात्रों की मेहनत, बल्कि शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन के सतत प्रयासों का परिणाम भी है।

छतरपुरMay 07, 2025 / 10:08 am

Dharmendra Singh

mp bord result celibration

मिठाई खिलाते हुए

छतरपुर. मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित 12वीं और 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में छतरपुर जिले के छात्रों ने प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में अपना परचम लहराया है। जिले के 5 छात्रों ने 12वीं की और 19 छात्रों ने 10वीं की मेरिट लिस्ट में स्थान बनाकर जिले का नाम गौरवान्वित किया है।
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में इस वर्ष छतरपुर जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन कर शिक्षा जगत में जिले का नाम रोशन किया है। प्रदेश स्तर की मेरिट सूची में कुल 19 छात्र-छात्राओं ने स्थान बनाया है, जिनमें अधिकांश शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 छतरपुर से हैं। यह उपलब्धि न केवल छात्रों की मेहनत, बल्कि शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन के सतत प्रयासों का परिणाम भी है।

प्रदेश में छठवां स्थान

सबसे अधिक अंक अर्जित करने वाले छात्रों में भविष्य प्रजापति और गायत्री मिश्रा का नाम शामिल है, जिन्होंने 495 अंकों के साथ प्रदेश में छठवां स्थान प्राप्त किया है। दोनों ही छात्र शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 छतरपुर के हैं। उनका यह प्रदर्शन जिले के शासकीय विद्यालयों की गुणवत्ता परंपरा को मजबूत करता है।
इसके बाद सातवें स्थान पर दो छात्र पहुंचे हैं, कुमारी अरूषि चौबे अशासकीय एसपीएस उमावि महाराजपुर से हैं और रमेश प्रजापति उत्कृष्ट क्रमांक 1 छतरपुर के छात्र हैं। दोनों ने 494 अंक अर्जित किए हैं।
आठवें स्थान पर कुल चार छात्राओं ने 493 अंक हासिल किए हैं। इनमें अरू त्रिपाठी (केयर इंग्लिश स्कूल छतरपुर), कृतिका चौरसिया (ज्ञानभारती स्कूल लवकुशनगर), पाल मिश्रा और जोया बख्श (दोनों उत्कृष्ट क्रमांक 1 छतरपुर) शामिल हैं। इन विद्यार्थियों ने यह साबित कर दिया है कि चाहे विद्यालय शासकीय हो या अशासकीय, मेहनत और लगन के बल पर सफलता संभव है।
नौंवें स्थान पर पांच छात्र-छात्राओं ने 492 अंक अर्जित कर प्रदेश की मेरिट में जगह बनाई है। इनमें जोया खातून (ड्रीमलैंड इंग्लिश स्कूल छतरपुर), सगुन सोनी, जानवी, श्रेया यादव और ध्रुव साहू (सभी उत्कृष्ट क्रमांक 1 छतरपुर) का नाम प्रमुख है।
दसवें स्थान पर छह छात्र-छात्राएं हैं, जिन्होंने 491 अंक प्राप्त किए हैं। इनमें आस्था (सरस्वती उमावि नौगांव), अगम्य शुक्ल (सरस्वती उमावि बड़ामलहरा), वेदिका चौरसिया, शैलेन्द्र कुमार पाल, अंशू शर्मा और सोनाली कुशवाहा (सभी उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 छतरपुर) शामिल हैं।
कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणामों में छतरपुर जिले के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तरीय मेरिट सूची में अपना स्थान बनाया है। गणित, वाणिज्य और जीवविज्ञान समूहों में जिले की छात्राओं ने न केवल उच्च अंक अर्जित किए, बल्कि प्रदेश के शैक्षणिक नक्शे पर जिले को गौरवांवित किया।

मेरिट सूची में नौवां स्थान

गणित समूह में शासकीय मॉडल स्कूल नौगांव की छात्रा कुमारी कृतिका पटैरिया ने 483 अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में नौवां स्थान प्राप्त किया है। गणित जैसे कठिन विषय में यह प्रदर्शन न केवल छात्रा की व्यक्तिगत मेहनत का परिणाम है, बल्कि शासकीय विद्यालयों में बढ़ती शैक्षणिक गुणवत्ता को भी दर्शाता है।इसी समूह में अशासकीय बीएसजीएम स्कूल चंदला की छात्रा कुमारी शुभांगनी नामदेव ने 482 अंक अर्जित किए और प्रदेश में दसवां स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। शुभांगनी की यह उपलब्धि ऐसे क्षेत्र से है जहां संसाधनों की सीमाएं अक्सर प्रतिभाओं के आगे दीवार बन जाती हैं, लेकिन उसने इन्हें पीछे छोड़ते हुए सफलता हासिल की।
वाणिज्य समूह में जिले की छात्राएं विशेष रूप से आगे रहीं। अशासकीय राईबल इंग्लिश स्कूल बिजावर की कुमारी नंदनी जैन ने 485 अंक प्राप्त कर प्रदेश में छठा स्थान हासिल किया। नंदनी की इस सफलता ने साबित कर दिया कि बिजावर जैसे छोटे कस्बे से भी बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने वाले छात्र निकल सकते हैं। उसी विद्यालय की एक अन्य छात्रा कुमारी अर्पिता गुप्ता ने भी 485 अंक हासिल कर प्रदेश की मेरिट सूची में आठवां स्थान प्राप्त किया। दो छात्राओं का एक ही स्कूल से टॉप 10 में आना इस विद्यालय की गुणवत्ता और शिक्षकवर्ग की मेहनत का परिणाम है।जीवविज्ञान समूह में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 छतरपुर की छात्रा कुमारी स्वाति शर्मा ने 477 अंक अर्जित कर प्रदेश की मेरिट सूची में सातवां स्थान प्राप्त किया। जीवविज्ञान जैसे विषय में यह प्रदर्शन न केवल छात्रा की मेधा का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि शासकीय विद्यालयों में भी छात्र उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए पूरी तरह सक्षम हैं।

Hindi News / Chhatarpur / छतरपुर के होनहार: 12वीं की स्टेट मेरिट में 5 और 10वीं में 19 छात्रों ने बनाई जगह, शासकीय स्कूलों का दबदबा

ट्रेंडिंग वीडियो