कोलकाता नाइट राइडर्स के 116 रन के स्कोर के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा और रायन रिकलटन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट लिए 46 रन जोड़े। छठें ओवर में रसल ने रोहित शर्मा (13) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
इसके बाद रसल ने विल जैक्स (16) को अपना दूसरा शिकार बनाया। मुंबई ने 12.5 ओवर में दो विकेट पर 121 रन बनाकर आठ विकेट से मुकाबला जीत लिया। रायन रिकलटन ने 41 गेंदों में चार चौके और पांच छक्के लगाते हुए (62) रनों की मैच विजयी पारी खेली। सूर्यकुमार यादव ने नौ गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए (नाबाद 27) रन बनाये। कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से आंद्रे रसल ने दो बल्लेबाजों को आउट किया।
इससे पहले आज यहां मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने मात्र दो रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गवां दिये। सुनील नारायण (शून्य) और क्विंटन डी कॉक (एक) रन बनाकर आउट हुये।
ट्रेंट बोल्ट ने सुनील नारायण का बोल्ड किया। वहीं डीकॉक को दीपक चाहर ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद चौथे ओवर में अश्विनी कुमार ने कप्तान अजिंक्य रहाणे (11) को अपना पहला शिकार बनाया। वेंकटेश अय्यर (तीन) को चाहर ने आउटकर अपना दूसरा विकेट लिया। जमने का प्रयास कर रहे अंगकृष रघुवंशी (26) को हार्दिक पंड्या ने आउट किया।
इसके बाद अश्विनी कुमार ने रिंकू सिंह (17), मनीष पांडे (19) और आंद्रे रसल (पांच) को आउट कर कोलकाता की कमर तोड़ दी। कोलकाता का नौवां 15वें ओवर में विकेट हर्षित राणा (चार) के रूप में गिरा। मिचेल सैंटनर ने रमन दीप सिंह 12 गेंदों में (22) रन को आउटकर कोलकाता की पारी को 16.2 ओवर में 116 रन के स्कोर पर समेट दिया। मुंबई इंडियंस की ओर से अश्विनी कुमार ने तीन ओवरों में 24 रन देकर चार विकेट लिये। दीपक चाहर को दो विकेट मिले। ट्रेंट बोल्ट, हार्दिक पंड्या, विग्नेश पुथुर और मिचेल सैंटनर ने एक-एक विकेट लिये।