इंग्लैंड ने ओल्ड ट्रैफर्ड में टॉस जीतकर भारत के खिलाफ पहले बॉलिंग चुनी। भारत की तरफ से जहां अंशुल कंबोज ने टेस्ट डेब्यू किया, वहीं भारतीय टीम ने इस मुकाबले के लिए तीन बदलाव किए। भारत ने करुण नायर की जगह साई सुदर्शन जबकि चोटिल आकाश दीप और नीतीश रेड्डी की जगह क्रमशः अंशुल कंबोज और शार्दुल ठाकुर को टीम में जगह दी।
इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच पहले दिन पहली पारी में भारत की तरफ से ओपनिंग के लिए केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल उतरे। दोनों बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने दृढ़ता का परिचय दिया। समाचार लिखे जाने तक भारत ने पहली पारी में 21 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 58 रन बना लिए थे। यशस्वी जायसवाल नाबाद 19 रन और केएल राहुल नाबाद 37 रन बनाकर जमे हुए थे। हालांकि इस दौरान भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल का बल्ला टूटना खास चर्चा में रहा।
क्रिस वोक्स की गेंद पर टूटा यशस्वी का बल्ला
इंग्लैंड के कप्तान ने 8वें ओवर के लिए गेंद क्रिस वोक्स को थमाई। स्ट्राइक पर मौजूद भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल ने इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज की चार गेंदों का बखूबी सामना किया। लेकिन इसी ओवर 5वीं गेंद गुड लेंथ से अंदर की तरफ आई। यशस्वी जायसवाल ने उस डिफेंड किया, लेकिन इस दौरान बॉल उनके बैट के हैंडल में लगी। इससे बैट का हैंडल टूट गया। इस वजह से उन्हें दूसरा बैट मंगाना पड़ा।