उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में आम आदमी पार्टी ने प्राथमिक विद्यालयों को बंद करने की संभावनाओं के बीच धरना प्रदर्शन दिया। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर यह धरना प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। आम आदमी पार्टी का कहना था कि शिक्षा विरोधी यह सरकार नहीं चलेगी। बोले “मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए”। नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को दिया गया।
क्या कहते हैं जिलाध्यक्ष?
इस मौके पर जिलाध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि फर्रुखाबाद में 352 प्राथमिक विद्यालयों को बंद किया जा रहा है। जबकि प्रदेश में यह संख्या 27 हजार है। छोटे-छोटे बच्चों को शिक्षा से वंचित किया जा रहा है। जबकि प्रदेश में 27358 मधुशाला खोलीं गई हैं। उन्होंने कहा कि फर्रुखाबाद और प्रदेश की जनता को मधुशाला नहीं विद्यालय चाहिए। बच्चों के साथ अन्याय न किया जाए। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।