जानिए पूरा मामला खिदोडा में रहने वाले वेद प्रकाश त्यागी का गांव में ही बाग है। मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के धोलड़ी के रहने वाले पप्पू (60) ने वेद प्रकाश से बाग ठेके पर ले रखी है। शुक्रवार रात 8 बजे पप्पू अपने बाग में रजवाहे से पानी लगा रहे थे। इसका उनके पड़ोसी बाग के दीपक त्यागी, सुधीर त्यागी, गुड्डु त्यागी ने विरोध किया। ये लोग पानी अपने बाग में लगाना चाहते थे। इसी को लेकर विवाद हुआ।मामला बढ़ा तो खुद वेद प्रकाश मौके पर पहुंच गए। उन्होंने दीपक और पप्पू के पक्ष को समझा-बुझाकर मामला सुलझा लिया।
बताया जा रहा है कि रात 11 बजे के आसपास पप्पू अपने बेटों राजा (25) और चांद (23) के साथ बाइक से गांव धोलडी से बाग में जा रहे थे। जब वह नहर वाले मार्ग पर पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद लोगों ने तीनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। करीब 15 राउंड फायरिंग की गई।
आरोपियों ने गोली मारने के बाद पप्पू को रजवाहे में फेंक दिया। राजा और चांद को सड़क किनारे झाड़ियों में फेंका। फिर आरोपी फरार हो गए। सुबह 8 बजे राहगीरों ने राजा और चांद को झाड़ियों में पड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। राजा की मौत हो चुकी थी, जबकि चांद की सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल मेरठ के अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक है। वहीं, 100 मीटर दूर पप्पू का शव रजवाहे में मिला। डबल मर्डर से गांव आक्रोश है। लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस लोगों को शांत कराने के साथ जांच में जुटी है। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम सबूत जुटा रही है। आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। ACP दिनेश कुमार पी ने बताया कि शुक्रवार रात ग्रामीणों का पानी को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें दो लोगों की मौत हो गई है। एक हालत गंभीर है। उसका इलाज मेरठ में चल रहा है। मौके फोर्स तैनात है। पुलिस अधिकारी भीड़ को समझाने का प्रयास में लगे हैं। मामले की जांच चल रही है।