यहां जा रहे है कांवड़ यात्री
सावन (Sawan 2025) में हजारों कांवड़ यात्री ओंकारेश्वर और महेश्वर से चलकर उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचते हैं और जलाभिषेक करते हैं। अत्यधिक वाहनों के कारण कई बार कांवड़ यात्री दुर्घटनाओं का शिकार हुए हैं। इसके चलते जिला प्रशासन प्रतिवर्ष सावन में खंडवा रोड पर भारी वाहनों की दिन में आवाजाही पर प्रतिबंध लगाता है। इस बार भी कलेक्टर आशीष सिंह ने एडीएम रोशन राय को निर्देश जारी किए हैं। जिला प्रशासन खंडवा और सांवेर रोड पर कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था भी कर रहा है। इसमें वॉटरप्रूफ शेड लगाए जाएंगे। यहां कांवड़ यात्री आराम कर सकेंगे। एक कैंप बाई ग्राम से तेजाजी नगर के बीच तो दूसरा सांवेर के आसपास लगाया जाएगा। जनभागीदारी से जलपान की व्यवस्था भी होगी।
इन वाहनों को रहेगी छूट
इंदौर से खंडवा की ओर जाने व आने वाले ट्रक व अन्य भार वाहक वाहनों की आवाजाही पर सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। प्रतिबंध पूरे सावन यानी 11 जुलाई से 9 अगस्त तक रहेगा। ये वाहन एबी रोड होते हुए सनावद की ओर से आ-जा सकेंगे। प्रतिबंध से दुग्ध वाहन, नगर निगम, स्वास्थ्य सेवा, पुलिस, फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर, आर्मी, विद्युत मंडल, एलपीजी व पेट्रोलियम, मंडी में सब्जी ले जाने वाले वाहनों, यात्री बसों को छूट दी जाएगी। कार, जीप, दोपहिया वाहन सामान्य दिनों की तरह चलेंगे।
एडीएम रोशन राय सावन ने कहा कि सावन मास में खंडवा रोड पर भारी वाहनों की आवाजाही पर सुबह 3 बजे से रात 9 बजे तक प्रतिबंध लगाया जा रहा है। कांवड़ यात्रियों के विश्राम के लिए खंडवा व सांवेर रोड पर कैंप भी लगाए जाएंगे।