राजस्थान में 25,750 पदों पर होगी भर्ती, पहली नौकरी पर मिलेंगे 10 हजार, जानें-सीएम भजनलाल की 15 बड़ी घोषणाएं
Rajasthan Government: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में कई बड़ी घोषणाएं कर विभिन्न वर्गों को साधने का प्रयास किया। उन्होंने युवाओं के लिए 25 हजार 750 भर्तियों की घोषणा की, वहीं पहली नौकरी पर…
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में कई बड़ी घोषणाएं कर विभिन्न वर्गों को साधने का प्रयास किया। इन घोषणाओं के साथ ही विधानसभा में वर्ष 2025-26 का बजट पारित कर दिया गया। उन्होंने युवाओं के लिए 25 हजार 750 भर्तियों की घोषणा की, वहीं पहली नौकरी पर एकमुश्त 10 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दिए जाने की घोषणा की। लखपति दीदी, ड्रोन दीदी व महिला सखियों को सम्मानित कर हर ब्लॉक में 10 महिलाओं को लैपटॉप दिए जाएंगे। पांच हजार गांव गरीबी मुक्त किए जाएंगे।
सीएम ने पानी, सड़क, औद्योगिक निवेश और रोजगार पर विशेष जोर दिया। अब हर वर्ष राजस्थान दिवस 30 मार्च के स्थान पर चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को मनाया जाएगा, इस वर्ष के लिए 25 करोड़ की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री शर्मा ने विधानसभा में वित्त व विनियोग विधेयक पर बहस का जवाब दिया। उनका संबोधन करीब सवा दो घंटे चला।
इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व नगरीय विकास मत्री शांति धारीवाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा सहित विपक्ष के बड़े नेताओं को निशाने पर लिया, वहीं सदन में हंगामा और मर्यादा भंग होने पर चिंता जताई। विधानसभा अध्यक्ष के सदन में आए आंसू का भी जिक्र किया।
बजट की ये बड़ी घोषणाएं
1. दस हजार स्कूल शिक्षक, 4 हजार पटवारी, पुलिस में 10 हजार व वन विभाग में 1750 कर्मियों की भर्ती। 2. मंत्रालयिक कर्मचारियों के लिए अलग निदेशालय। 3. प्रशासनिक इकाई गठन के लिए राज्य स्तरीय परिषद। 4. सीएनजी और घरेलू गैस पर वैट घटाकर 7.5 फीसदी। 5. दुर्घटना मुक्त घोषित तीन हाइवे पर ड्राइवरों के लिए विश्राम स्थल व नेत्र जांच केन्द्र। 6. ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन, ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सुविधा के लिए 2000 नए परमिट। 7. मुख्यमंत्री युवा रोजगार प्रोत्साहन योजना’पहली नौकरी पर एकबारीय 10 हजार रुपए। 8. नए 8 जिलों में पॉलिटेक्निक कॉलेज, मिनी सचिवालय। 9. जयपुर में जोधपुर आइआइटी का कैंपस खोलने का प्रयास। 10. 50 नए प्राइमरी स्कूल खोले जाएंगे, 100 स्कूलों को क्रमौन्नत किया जाएगा। 11. जयपुर, भरतपुर उदयपुर में सेंटर फॅार एडवांस स्किलिंग एंड कैरियर काउंसलिंग के लिए 100-100 करोड़। 12. दौसा-बांदीकुई और बालोतरा में नगर विकास न्यास (यूआईटी) 13. 25 नई नगर पालिकाएं, 4 नगर परिषद 14. 25,000 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे 15. 250 कालिका पेट्रोलिंग यूनिट महिला सुरक्षा के लिए
मुख्यमंत्री का विपक्ष के नेताओं पर तंज
शांति धारीवाल: मुख्यमंत्री ने शांति धारीवाल पर तंज किया कि कोटा उत्तर से आने वाले सदस्य को अब महिलाओं की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है। यही कहूंगा कि देर आए, दुरुस्त आए। कांग्रेस शासन में शांति धारीवाल ने कहा था कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है।
अशोक गहलोत: जनता सब जानती है, पेपरलीक किसके राज में हुए? बजरी की गलत लीज किसने दी? कौन तख्ती लगाकर आया। किसने कहां खूब खाया। किसको निकम्मा-नकारा क्या-क्या शब्द बोले गए?
गोविन्द सिंह डोटासरा: पहली बार सदन में शब्दों की मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ। सदन में पहली बार यह देखा गया कि स्पीकर का दर्द उनकी अश्रु धारा से निकला। मुख्यमंत्री ने गोविंद सिंह डोटासरा का नाम लिए बिना तंज किया, वहीं नेता प्रतिपक्ष की ओर देखते हुए कहा कि कि कुछ दिनों से सदन अच्छी तरह चल रहा है। इसके लिए मैं उन्हें धन्यवाद दूं जो कई दिनों से अदृश्य है, या मेरे सामने बैठे हुए हैं उन्हें धन्यवाद दूं।
टीकाराम जूली: नेता प्रतिपक्ष को इन दोनों अलवर से ज्यादा भरतपुर की चिंता, कहीं मेरे बंसी वाले ने तो इनको आकर्षित नहीं कर लिया।
धारीवाल के समय के प्रोजेक्ट जांच के घेरे में
सीएम बोले कि शांति धारीवाल हमारे वरिष्ठ सदस्य, उनके समय पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में हुए कार्यों की जांच का अनुरोध स्वीकार कर उच्च स्तरीय कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है।