शोभायात्रा के साथ होगा आगाज
कस्बे में रविवार सुबह 9 बजे सालमसागर तालाब स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना व आरती की जाएगी। इसके बाद यहां से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसे जनप्रतिनिधि व अधिकारी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। शोभा यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान पहुंचेगी। इस दौरान रास्ते में कलाकारों की ओर से कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। इसके बाद राउमावि मैदान में विभिन्न कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी।
लोक कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
राउमावि मैदान में बैलून उड़ाकर चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मरु महोत्सव- 2025 का आगाज किया जाएगा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें लोक कलाकारों की ओर से प्रस्तुतियां दी जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भी गीत व नृत्य पेश करेंगे। इस मौके पर मिस्टर पोकरण व मिस पोकरण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, साथ ही साफा बांधो व रस्सा-कशी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। प्रतियोगिताओं के बाद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
हरियाणवी कलाकार देंगे प्रस्तुति
शाम साढ़े 7 बजे राउमावि मैदान में ही सुरमयी सांझ सजेगी। इस दौरान प्रसिद्ध लोक कलाकार छुगेखां की ओर से गीतों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। इसी तरह प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार डी. नवीन व मनीषा शर्मा की ओर से कार्यक्रम पेश किया जाएगा। हरियाणवी कलाकारों के आगमन को लेकर क्षेत्र के युवाओं में भी जोश व उत्साह नजर आ रहा है।
सैकड़ों लोगों के बैठने की व्यवस्था
कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में मरु महोत्सव का मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी को लेकर यहां आकर्षक शामियाना लगाया गया है और सैकड़ों लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। इसी तरह शाम को होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है।
सज रही परमाणु नगरी
मरु महोत्सव के आयोजन को लेकर प्रशासन व नगरपालिका की ओर से विशेष तैयारियां की गई है, जिसके अंतर्गत डिवाइडरों के साथ क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत करवा दी गई है। जलदाय विभाग की ओर से पाइपलाइनों के लीकेज निकलवाए गए है। डिस्कॉम की ओर से ढीली तारों को दुरुस्त किया गया है। मरु महोत्सव को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह नजर आ रहा है।