scriptWater Problem: शाम तक भी नहीं टिक पाया मंत्री जी का दावा, दोपहर होते-होते पानी की टंकी पर चढ़ गईं प्रधान | Minister Jogaram Patel claim failed Keru Panchayat Samiti chief Anushree Poonia climbed tank over water problem | Patrika News
जोधपुर

Water Problem: शाम तक भी नहीं टिक पाया मंत्री जी का दावा, दोपहर होते-होते पानी की टंकी पर चढ़ गईं प्रधान

Jodhpur News: पंचायत समिति केरू की प्रधान (वर्तमान में प्रशासक) पेयजल समस्या को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गईं। उनका कहना है कि पानी की समस्या को खत्म करने को लेकर कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने बयान दिया था, जो शाम तक भी नहीं टिक पाया।

जोधपुरMay 30, 2025 / 11:48 am

Arvind Rao

Protest

प्रदर्शन करते लोग (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Water Problem in Jodhpur: जोधपुर जिले की पंचायत समिति केरू में पेयजल संकट को लेकर केरू प्रधान (प्रशासक) अनुश्री पूनिया ग्रामीणों के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गईं। करीब पांच घंटे तक पानी की टंकी पर रहने के बाद मौके पर एसडीएम पंकज जैन पहुंचे। उन्होंने दो दिन में व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया तो पूनिया टंकी से नीचे उतरीं।

दरअसल, लंबे समय से केरू पंचायत समिति में पानी की समस्या है। पंचायत समिति में कई टंकियों में पानी नहीं भर रहा है। इससे गांव में पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। जल वितरण की व्यवस्था संभाल रही फर्म के ठेकेदार के भीषण गर्मी में पानी की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित नहीं करने के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करने के लिए केरू प्रधान ने लोरड़ी देजगरा स्थित एसआर टंकी के ऊपर चढ़कर दोपहर दो बजे मौके पर ग्रामीणों के साथ बैठकर आक्रोश जताया।

यह भी पढ़ें

ट्रैक्टर चलाने की शौकीन हैं कोटा की बेटी नंदिनी गुप्ता, करोड़ों का ताज पहनते देखने के लिए बेताब हैं राजस्थान के लोग


शाम तक भी नहीं टिका मंत्री का दावा


एक तरफ जहां राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल ने हाल ही में बयान दिया कि पानी की समस्या कम से कम हो और जनता को सुलभ और समय पर पानी मिले, इसको लेकर हमारी सरकार कृत संकल्पित है। वहीं, दोपहर होते-होते बीजेपी की ही केरू प्रधान पानी की मांग को लेकर टंकी पर चढ़ गईं और जलदाय विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप भी लगाया।

दरअसल, इंदिरा गांधी नहर में क्लोजर लिया गया। बताया गया कि रखरखाव के लिए यह क्लोजर लिया गया है और क्लोजर में किसी को पानी की समस्या नहीं हो इसको लेकर पानी का स्टॉक जलाशयों में कर लिया गया है, लेकिन फिर भी जिले के कई इलाकों में पानी की समस्या हुई।

शहर के निकटवर्ती पंचायत केरू के लोहड़ी देजगरा में पानी की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया और अपनी परेशानी बताई, लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारियों ने क्लोजर का बहाना करते हुए जलापूर्ति सुचारू नहीं की। हालांकि, अब क्लोजर समाप्त हो चुका है और इंदिरा गांधी नहर से पानी भी आ चुका है, फिर भी पानी की समस्या जस की तस बनी हुई है।


दो दिन में सुधारेंगे


एसडीएम पंकज जैन, जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता महेन्द्र किराड़ व जल वितरण व्यवस्था संभाल रही फर्म के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर दो दिन में व्यवस्था को सुधारने का आश्वासन दिया। पांच घंटे बाद प्रधान टंकी से ग्रामीणों के साथ नीचे उतरकर अधिकारियों के साथ चर्चा की। केरू प्रधान के ग्रामीणों के साथ टंकी पर चढ़ने की खबर वायरल होने पर आसपास के कई गांवों से सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। झंवर थाना पुलिस से एएसआई महेन्द्र सिंह जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे।

Hindi News / Jodhpur / Water Problem: शाम तक भी नहीं टिक पाया मंत्री जी का दावा, दोपहर होते-होते पानी की टंकी पर चढ़ गईं प्रधान

ट्रेंडिंग वीडियो