केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता का निधन, श्रद्धांजलि देने जोधपुर पहुंची राजनीतिक हस्तियां
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव व रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी जोधपुर आए। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के घर जाकर उनके पिता के निधन पर शोक जताया।
केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव के निधन पर शोक जताने के लिए बुधवार को कई मंत्री व नेता जोधपुर पहुंचे। उन्होंने रेल मंत्री के निवास पर जाकर उनसे मिलकर शोक जताया। साथ ही परिजनों को भी ढांढस बंधाया।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी व डॉ. प्रेमचंद बैरवा बुधवार को जोधपुर पहुंचे और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव के निधन पर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दाऊलाल वैष्णव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से भी मुलाकात की।
सीएम मोहन यादव भी पहुंचे
इसके साथ ही मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव व रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी जोधपुर आए। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के घर जाकर उनके पिता के निधन पर शोक जताया। वहीं भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ भी दोपहर बाद जोधपुर पहुंचे और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के घर पहुंचकर उनके पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा जलदाय मंत्री कन्हैयालाल, कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारडा सहित कई नेता पहुंचे।
मंगलवार को हुआ निधन
गौरतलब है कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता दाऊलाल वैष्णव का मंगलवार सुबह निधन हो गया था। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। हाल ही में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जोधपुर एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अश्विनी वैष्णव के पिता के अंतिम संस्कार में कागा श्मशान घाट पर सीएम भजनलाल शर्मा और भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ भी पहुंचे थे।
Hindi News / Jodhpur / केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के पिता का निधन, श्रद्धांजलि देने जोधपुर पहुंची राजनीतिक हस्तियां