scriptGujarat byelection: केजरीवाल ने फिर कांग्रेस को बताया धोखेबाज पार्टी, कहा – गुजरात में भाजपा की गोद में बैठी | Patrika News
राष्ट्रीय

Gujarat byelection: केजरीवाल ने फिर कांग्रेस को बताया धोखेबाज पार्टी, कहा – गुजरात में भाजपा की गोद में बैठी

केजवरीवाल ने कांग्रेस को धोखेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि गुजरात में कांग्रेस भाजपा की नौकरी करती है। कांग्रेस भाजपा की गोद में बैठी है।

भारतJun 01, 2025 / 07:44 am

Siddharth Rai

गुजरात में केजवरीवाल ने कांग्रेस को धोखेबाज पार्टी बताया। (X/@AamAadmiParty)

Visavadar Assembly byelection in Gujarat: आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने विसावदर सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी के उम्मीदवार के रूप में शनिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर आप के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी उपस्थित थे।

संबंधित खबरें

इस अवसर पर आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि विसावदर में 18 सालों से भाजपा का कोई प्रतिनिधि चुनाव नहीं जीत सका। पहले आपने कांग्रेस को वोट दिया और पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी को वोट देकर जिताया, लेकिन भाजपा ने चाल चली। अब आपको फिर से जवाब देना होगा। उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि अगर ताकत है तो इटालिया को तोड़कर दिखाएं। अगर भाजपा ऐसा कर सकेगी तो वे राजनीति छोड़ देंगे।

गुजरात में भाजपा की नौकरी करती है कांग्रेस

केजवरीवाल ने कांग्रेस को धोखेबाज पार्टी बताते हुए कहा कि गुजरात में कांग्रेस भाजपा की नौकरी करती है। कांग्रेस भाजपा की गोद में बैठी है। पिछले 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जितने विधायक जीते थे, उनमें से पांच विधायक कांग्रेस छोड़कर भाजपा में चले गए और हमारा एक विधायक भाजपा में गया। उसके बाद कांग्रेस हमारे पास आई और कहा कि जहां कांग्रेस जीतती है वहां आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार न उतारे और जहां आम आदमी पार्टी जीतती है वहां कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी।
इसके बाद जितने भी उपचुनाव हुए उसमें हमने कांग्रेस की जीती हुई सीटों पर अपने उम्मीदवार नहीं उतारे क्योंकि हम भाजपा को हराना चाहते थे। फिर आम आदमी पार्टी की एक जीती हुई सीट विसावदर में उपचुनाव आया, तो अब कांग्रेस यहां अपना उम्मीदवार उतारने जा रही है। इससे साबित होता है कि कांग्रेस एक धोखेबाज पार्टी है और इस बार कांग्रेस को भी सबक सिखाना है।

Hindi News / National News / Gujarat byelection: केजरीवाल ने फिर कांग्रेस को बताया धोखेबाज पार्टी, कहा – गुजरात में भाजपा की गोद में बैठी

ट्रेंडिंग वीडियो