scriptआपकी बात : पानी की बर्बादी को रोकने के लिए किस तरह के उपाय किए जाने चाहिए? | Your opinion: What kind of measures should be taken to prevent wastage of water? | Patrika News
ओपिनियन

आपकी बात : पानी की बर्बादी को रोकने के लिए किस तरह के उपाय किए जाने चाहिए?

पाठकों ने इस पर विभिन्न प्रतिक्रियाएं दी हैं, प्रस्तुत हैं पाठकों के कुछ विचार

जयपुरMar 17, 2025 / 03:37 pm

Sanjeev Mathur

पानी का उपयोग संयम से करें
जहां नल में पानी हर दिन आता है, वहां पानी हर दिन बासी हो जाता है और बचा हुआ पानी हर दिन बहा दिया जाता है। जहां दो दिन में पानी आता है, वहां दो दिन में पानी बासी हो जाता है और बहा दिया जाता है। जहां आठ दिन बाद पानी आता है, वहां आठ दिन बाद पानी बासी हो जाता है। शादी समारोह में पानी की नई बोतल का सामना होते ही, हाथ में रखी पानी की आधी बोतल खत्म हो जाती है, उसे फेंक दिया जाता है। रेगिस्तान में यात्रा करते समय अपने पास रखा पानी तब तक चलता है, जब तक पानी दिखाई न दे। अगले मानसून तक बांध में पानी ताजा बरकरार रहेगा। यदि सूखे की स्थिति बनती है तो यह दो से तीन साल तक ताजा पानी बना रहता है। जहां 50 फीट के बोरवेल से पानी निकाला जाता है। वह जमीन के नीचे सैकड़ों साल पुराना है। यानी सैकड़ों साल पुराना पानी पीने के लिए सुरक्षित है। जहां 400 से 500 फीट पर पानी के बोरवेल से पानी निकाला जाता है। वह हजारों साल तक जमीन के अंदर जमा रहता है। फिर भी चलता रहता है। कुल मिलाकर पानी की समाप्ति हमारी कमजोर बुद्धि पर तय होती है। पानी का संयम से उपयोग करें, नहीं तो स्थिति भयावह होगी। जल है तो कल है। पानी की बर्बादी गंभीर स्थिति में पहुंच गई है। पेयजल व खेती के काम के लिए जल के बिना जीव-जंतु व इंसान परेशान है। पानी को संरक्षित करने का अभाव है। यही कारण है कि लोगों को स्वच्छ जल मिल पाना कठिन हो रहा है। विश्व के हर नागरिक को जल की महत्ता से अवगत कराया जाना चाहिए।
– डॉ. राजेन्द्र कुमावत, जयपुर
————————–
पानी का पुन: उपयोग करें
पानी बचाने का एक प्रभावी तरीका है, रिजेक्टेड पानी का दोबारा इस्तेमाल करना। आप आरओ के रिजेक्टेड पानी को आसानी से एक अलग टैंक में स्टोर कर सकते हैं और इसे अलग-अलग घरेलू कामों जैसे कार धोने, पौधों को पानी देने या फर्श साफ करने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। यह पानी बचाने का एक शानदार तरीका है।
– अजीतसिंह सिसोदिया, खारा, बीकानेर
————————–
लोगों को जागरूक करना जरूरी
शॉवर या पाइप से नहाने की बजाय बाल्टी से स्नान करना चाहिए। सब्जियों को धोने के बाद उस पानी को बाग-बगीचों में डाल देना चाहिए। बगीचे एवं घर के आसपास पौधों में पाइप से पानी देने के बजाय वॉटर कैन का उपयोग करना चाहिए। ब्रश या शेविंग करते समय नल को बंद कर देना चाहिए। पानी की टूटी लाइनों व टपकते नलों को जल्द से जल्द ठीक कराना चाहिए। कार या गाडिय़ों को धोने की बजाय गीले कपड़े से साफ करना चाहिए। वर्षा के जल को संचित करके रखना चाहिए। पानी का दुरुपयोग ना हो इसके लिए लोगों को जागरूक करना चाहिए, लोगों को बताना चाहिए कि आज हम पानी की बचत करेंगे तो आने वाली पीढ़ी को पानी मिलेगा। वरना स्थिति बहुत भयानक हो जाएगी।
– लहर सनाढ्य, उदयपुर, राजस्थान
————————–
लीकेज लाइनों को तुरंत सही करवाएं
देश के हर नागरिक को जागरूक होकर पानी की बचत करनी चाहिए। इससे ही पानी की बर्बादी रुक सकती है। लीकेज पाइप लाइनों को तुरंत सही करवाएं। वाहनों की धुलाई और बागवानी में पानी का उपयोग करते समय भी पानी का अपव्यय नहीं करें।
– निर्मला देवी वशिष्ठ, राजगढ़, अलवर
————————–
सामूहिक प्रयास करने होंगे
एक समय था जब हम जल संरक्षण के मामले में काफी आगे थे, लेकिन आज हमारे तालाबों और नदियों की जो हालत है, उसे देखकर तरस आता है। भूजल स्तर गिरता जा रहा है। भूजल का दोहन पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। हमारे यहां भूजल स्तर गिरने की वजह है कि अधिकतर आपूर्ति भूजल से होती है। गर्मी जाने के बाद जल भंडारण पर ध्यान नहीं दिया जाता। आज भी देश मे पानी की कमी और संरक्षण की कवायद अधूरी है। जल संरक्षण ऐसा काम नहीं, जिसे सरकार के भरोसे छोड़ दिया जाए, इसके लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। आकाश से बरसने वाला पानी हमें संरक्षित करना होगा।
– साजिद अली, चंदन नगर, इंदौर

Hindi News / Opinion / आपकी बात : पानी की बर्बादी को रोकने के लिए किस तरह के उपाय किए जाने चाहिए?

ट्रेंडिंग वीडियो