कई जिलों में हो रही रिकॉर्ड बारिश
बिहार के कई जिलों में पिछले 24 घंटे से भारी बारिश हो रही है। गया में सबसे अधिक 105 (MM) बारिश हुई है। औरंगाबाद में 74 MM, नालंदा में 50 MM, लखीसराय में 47.2 MM और बांका में 38.2 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के ऊपर बना है,जिसकी वजह से चक्रवाती हवाएं समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक सक्रिय हैं। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और गंगीय पश्चिम बंगाल से सटे बिहार के क्षेत्रों में तेज़ बारिश ला सकता है।
गर्मी और उमस से मिली राहत
मानसून की पहली बारिश से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत एवं सुकून मिला है। मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति अगले पांच दिनों तक बनी रहेगी. बुधवार की सुबह से ही आसमान में सूर्य एवं बादलों में लुकाछिपी का खेल चल रहा था। यह पूरे दिन जारी रहा. इसके बाद शाम में झमाझम बारिश हुई।