CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की चाल फिलहाल धीमी हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, सिनॉप्टिक सिस्टम में हुए बदलाव की वजह से राज्य में अगले दो दिन तक मौसम शुष्क रहने वाला है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जरूर बनी हुई है, लेकिन अधिकांश हिस्से सूखे रहेंगे। गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। बारिश नहीं होने के कारण दुर्ग जिले के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी का असर और तेज होगी।
विशेषकर मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान तेजी से बढ़ने का अनुमान लगाया गया है। फिलहाल, दुर्ग जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान २5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आर्द्रता एक फीसदी और बढ़कर दिन में 76 और रात में 54 फीसदी मापी गई। दुर्ग जिले का मौसम इन दिनों बेचैनी बढ़ा रहा है। धूप कम है, लेकिन उमस परेशान कर रही है।
CG Weather Update: दुर्ग जिले में अलर्ट नहीं
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए रायपुर, जशपुर समेत 22 जिलों में थंडरस्टॉर्म का यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें दुर्ग जिला शामिल नहीं है। इन जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। लोगों को सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
जबकि दुर्ग जिले में तापमान में वृद्धि का अनुमान लगाया गया है। मंगलवार को नौतपा समाप्त हो गया। इस साल नौतपा में अच्छी बारिश हुई, जबकि तापमान संतुलित रहा और पारा 40 डिग्री के पार नहीं गया। यह पहला साल है जब दुर्ग जिले का तापमान नौतपा के दौरान 38 डिग्री के नीचे बना रहा।
नौतपा की समाप्ति के साथ मंगलवार से पंचक का आगाज हो गया। इससे दुर्ग जिले में दिन का अधिकतम तापमान में वृद्धि शुरू होगी। पारा दिन में 40 डिग्री सेल्सियस को पार करने की संभावना जताई गई है। हालांकि यदि दुर्ग जिले में बारिश दोबारा से शुरू होती है तो नौतपा के जैसे पंचक भी बिना परेशान किए गुजर जाएगा।
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म जिला
पिछले 24 घंटों में राजनांदगांव राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम पारा ३८ डिग्री दर्ज किया गया। रायपुर में भी अधिकतम तापमान ३८ डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
Hindi News / Bhilai / रायपुर समेत 22 जिलों में आज मौसम मचाया गदर, गरज-चमक के साथ होगी बारिश… 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं