दोनों के मन में एक-दूसरे के खिलाफ जो गुस्सा था, वह अलग-अलग तरीकों से सामने आता रहता था। गुरुवार को भी दोनों के बीच ऐसा ही एक विवाद हुआ। आरोपी मनोज साहू (20) ने बताया कि होली पर उसने नई बाइक ली थी। गुरुवार सुबह 7.30 बजे वह घर के बाहर खड़ा था। बाइक भी बाहर थी। इसी दौरान पड़ोसी रंजीत साहू (48) आया।
मनोज के बताए मुताबिक, रंजीत ने उसे देखते हुए उसकी नई बाइक पर थूंक दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इस बीच मनोज गाली-गलौच करते हुए घर के भीतर गया और हाथ में हंसिया लेकर वापस लौटा। आव देखा न तांव, सीधे हंसिया रंजीत की गर्दन पर चला दिया। गले से खून का फव्वारा फूटा और देखते ही देखते रंजीत उसी जगह पर ढेर हो गया। इसके बाद मनोज वापस अपने घर के अंदर चला गया। इधर, बहुत ज्यादा खून बहने से रंजीत ने जमीन पर तड़पते हुए दम तोड़ा।
मृतक घर में कमाने वाला इकलौता, 4 बच्चे हुए बेसहारा
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक रंजीत के चार बच्चे हैं। घर में इकलौता कमाने वाला वही था। उसकी मृत्यु के बाद पूरा परिवार सड़कों पर आ गया है। इधर, रंजीत को जमीन पर मृत देखकर आसपास के लोगों ने फौरन पुलिस को इत्तेला किया। थाने से आई टीम ने आरोपी को फौरन धर दबोचा।
पूछताछ में उसने बताया कि ट्रक चलाने का काम करता है। इसके लिए उसे महीने में 17 हजार रुपए पगार मिलती है। मृतक भी ट्रक ड्राइवर था। उसे कम पैसे मिलते थे। इसी वजह से वह उसके प्रति द्वेष रखता था। नई बाइक लेने के बाद भी उसका रवैया ठीक नहीं था।
आपसी रंजिश में हत्या का मामला
अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना कर रहे हैं। मृतक और आरोपी पड़ोसी थे। पता चला है कि दोनों के बीच पहले से विवाद था। इसी आपसी रंजिश में
हत्या हुई है। जांच में नए तथ्य आ सकते हैं। – दीपक पासवान, टीआई, खरोरा