scriptइस माह में तेज गर्मी पड़ने की संभावना कम | There is less chance of intense heat this month | Patrika News
सागर

इस माह में तेज गर्मी पड़ने की संभावना कम

जिले में मानसून का आगमन बंगाल की खाड़ी में निर्मित निम्नदाब क्षेत्र या चक्रवाती तूफानों के उत्तर-पश्चिम दिशाओं में या अरब सागर में निर्मित निम्नदाब क्षेत्र या चक्रवाती तूफानों के उत्तर पूर्व दिशाओं में बढ़ने के कारण भी होता है।

सागरJun 02, 2025 / 05:12 pm

Rizwan ansari

IMD Update
जून माह में मौसम का मिजाज मिलाजुला रहेगा। माह की शुरुआत से सुबह-शाम मौसम में हल्की ठंडक बनी हुई है। दोपहर में बादल और धूप की वजह से उमस भरी गर्मी परेशान कर रही है। दूसरे पखवाड़े में मानसून के आगमन से तापमान में धीरे-धीरे कमी आना शुरू होगी। मौसम विज्ञान विभाग के सामान्यत: 21 जून सागर में मानसून के आगमन की तारीख है। जिले में मानसून का आगमन बंगाल की खाड़ी में निर्मित निम्नदाब क्षेत्र या चक्रवाती तूफानों के उत्तर-पश्चिम दिशाओं में या अरब सागर में निर्मित निम्नदाब क्षेत्र या चक्रवाती तूफानों के उत्तर पूर्व दिशाओं में बढ़ने के कारण भी होता है। 21 जून के पहले प्री-मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

37 डिग्री के आसपास रहता है अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार इस माह में सतही हवा सामान्यत: पश्चिम से आती है। जून माह का औसत अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस तथा औसत न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है। इस माह में अधिकतम तथा न्यूनतम आर्द्रता 62 प्रतिशत से 48 प्रतिशत के बीच होती है। माह की औसत वर्षा 169.4 मिमी तथा वर्षा के दिनों की औसत संख्या 7.7 दिन है। गर्जन होने वाले दिनों की औसत संख्या 7.2 है, जो सामान्यत: अल्पकालीन झंझावात से जुड़ी हुई होती है।

2019 में 47 डिग्री पहुंच गया था पारा

मौसम विभाग के अनुसार जून माह में सबसे ज्यादा गर्मी 2019 में पड़ी। 4 जून 2019 को अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया था। जबकि जून की सबसे ठंडी रात 1966 में रही। 20 जून 1966 को न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री दर्ज किया गया। इस माह में सर्वाधिक मासिक बारिश 1894 में दर्ज की गई। इस साल पूरे जून माह के दौरान 639.1 मिलीमीटर बारिश हुई थी। जबकि 24 घंटे में सर्वाधिक बारिश 1890 में दर्ज की गई। बीते 10 साल में जून माह में सबसे ज्यादा बारिश पिछले साल (2023) में दर्ज की गई। इस साल पूरे माह के दौरान 214.3 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि 2015 में 209.2 मिमी, 2016 में 153.5 मिमी, 2017 में 122.9 मिमी, 2018 में 131.3 मिमी, 2019 में 168.2 मिमी, 2020 में 109.2 मिमी, 2021 में 127.5 मिमी, 2022 में 209.2 और 2024 में 105.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

पिछले दस वर्षों में अधिकतम तापमान

वर्ष अधिकतम तापमान

2015 44.0
2016 43.7
2017 44.4
2018 42.8
2019 47.0
2020 40.0
2021 39.9
2022 44.5
2023 42.2
2024 44.0
(नोट-तापमान डिग्री सेल्सियस में है।)

Hindi News / Sagar / इस माह में तेज गर्मी पड़ने की संभावना कम

ट्रेंडिंग वीडियो