scriptBig news: ताबड़तोड़ हत्या से थर्राया सिवनी, लोगों ने किया चक्काजाम, शराब दुकान को भी लगाई आग | b Seoni was shaken by the murder of two youths, people blocked the road, also set a liquor shop on fire | Patrika News
सिवनी

Big news: ताबड़तोड़ हत्या से थर्राया सिवनी, लोगों ने किया चक्काजाम, शराब दुकान को भी लगाई आग

केवलारी थाना क्षेत्र का मामला, गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम

सिवनीMay 17, 2025 / 11:05 am

ashish mishra

सिवनी. केवलारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात दो युवकों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि किसी ‘ठाकुर’ ने फोन कर युवकों को बुलाया था और फिर उन पर हथियार से कई वार किए। इसके बाद घायल युवकों को केवलारी अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें सिवनी जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। हत्या के वजह का पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार केवलारी के समीप गांव परासपानी निवासी अमन पिता चंद्र कुमार बघेल (20) व रूपक बघेल पिता स्वर्गीय सुरेश बघेल (25) शुक्रवार को गांव में कृषि कार्य कर केवलारी पहुंचे थे। रात करीब ११ बजे उन्हें खेरमाई मंदिर खिरका मोहल्ला के समीप फोन करके किसी ‘ठाकुर’ ने बुलाया। जब दोनों युवक वहां पहुंचे तो हत्यारे ने धारदार हथियार से दोनों युवकों की नृशंस हत्या कर दी। युवकों की हत्या के बाद क्षेत्रवासी आक्रोशित हो उठे। उन्होंने शनिवार सुबह चक्काजाम कर दिया। वहीं दो शराब दुकानों में भी आग लगा दी। परिजनों ने आरोप लगाया कि केवलारी निवासी एक ठाकुर परिवार के पिता-पुत्र समेत अन्य लोगों ने मिलकर अमन और रूपक की हत्या की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
थाना में बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
दो युवकों की हत्या की खबर सुनते ही लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। आम नागरिक, व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी, बढ़ते अपराधों को लेकर खासा आक्रोश देखा गया। वहीं सुबह से ही व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान को बंद रखा और केवलारी थाना में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। हत्या आरोपियों को जल्द से जल्द पकडऩे की मांग की।
एक हफ्ते में पांचवीं हत्या
सिवनी जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बीते एक हफ्ते में यह पांचवीं हत्या है। कान्हीवाड़ा, बंडोल एवं छपारा थाना क्षेत्र में एक किशोरी, एक महिला एवं एक युवक की हत्या की गई। हालांकि कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र में हुई हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। वहीं बंडोल एवं छपारा थाना क्षेत्र में हुई हत्या का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है।

Hindi News / Seoni / Big news: ताबड़तोड़ हत्या से थर्राया सिवनी, लोगों ने किया चक्काजाम, शराब दुकान को भी लगाई आग

ट्रेंडिंग वीडियो