Rajasthan BJP: पहले सास, अब बहू को मिली राजस्थान भाजपा में अहम जिम्मेदारी, संगठन की बैठक में हुई घोषणा
Sirohi BJP District President: नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी ने कहा कि संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उस पर निष्ठा से कार्य करूंगी। सभी को साथ लेकर चलूंगी।
राजस्थान के सिरोही में भाजपा के नए जिलाध्यक्ष पद को लेकर कई दिनों से चले रहे विरोधाभास के बीच भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रक्षा भंडारी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। जिले में लम्बे अंतराल के बाद महिला अध्यक्ष बनी हैं।
इससे पहले उनकी सास तारा भंडारी भी भाजपा की जिलाध्यक्ष रह चुकी है। इसके बाद अब रक्षा भंडारी जिलाध्यक्ष बनी हैं। आबूरोड स्थित ब्रह्मा कुमारी के आनंद सरोवर में सिरोही के भाजपा जिलाध्यक्ष की नियुक्ति प्रदेश प्रतिनिधि व पूर्व विधायक शंकरसिंह राजपुरोहित, जिला संगठन प्रभारी राजेंद्र कुमार गहलोत, जिलाध्यक्ष सुरेश कोठारी, जिला चुनाव सहयोगी बाबू पटेल, जिला महामंत्री नरपतसिंह राणावत, दीपाराम पुरोहित सहित पदाधिकारियों व प्रमुख कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में डॉ. रक्षा भंडारी को सिरोही भाजपा जिलाध्यक्ष चुना गया।
17 दावेदारों ने किए थे नामांकन दाखिल
भाजपा जिला प्रवक्ता रोहित खत्री ने बताया कि भाजपा जिलाध्यक्ष पद के लिए 17 दावेदारों ने नामांकन दाखिल किए थे, जिनमें से 14 आवेदक रहे थे। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष को लेकर मंथन किया गया। दोपहर तीन बजे पहुंचे प्रदेश प्रतिनिधि शंकरसिंह राजपुरोहित ने बंद कमरे में सभी दावेदारों से मिलकर वार्ता की और उन्हें संगठन की रीति-नीति से अवगत कराया।
संगठन पर्व पर जिलाध्यक्ष के पद के प्रत्याशियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी जो भी जिलाध्यक्ष पद के लिए निर्णय लेगी, उसका हम समर्थन करेंगे। इसके बाद हुई सभा में प्रदेश प्रतिनिधि राजपुरोहित ने मंच से सम्बोधन कर सिरोही भाजपा जिलाध्यक्ष पद पर डॉ. रक्षा भंडारी के नाम की घोषणा की।
यह वीडियो भी देखें
निष्ठा से कार्य करूंगी- डॉ. भंडारी
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. भंडारी ने कहा कि संगठन ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उस पर निष्ठा से कार्य करूंगी। सभी को साथ लेकर चलूंगी। पार्टी की रीति-नीति को देश-प्रदेश में आगे बढ़ाने की दिशा में प्रमुखता के साथ काम करूंगी। पार्टी ने जो भरोसा किया है, उस भरोसे पर खरा उतरने के लिए संगठन के पदाधिकारियों को साथ लेकर चलने की बात कही। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने साफा पहनाकर नवनियुुक्त जिलाध्यक्ष का स्वागत किया।