बलूचिस्तान में एक और धमाका
पाकिस्तान के बलूचिस्तान (Balochistan) प्रांत की राजधानी क्वेटा (Quetta) में शुक्रवार को आईईडी धमाका हुआ, जिसमें पाकिस्तानी सेना के व्हीकल को निशाना बनाते हुए हमला किया गया। पाकिस्तानी सेना के व्हीकल के पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल में लगे आईईडी डिवाइस में यह धमाका हुआ, जिसके चलते पहले 4 सैनिकों की मौत की खबर आई। बाद में मरने वाले सैनिकों का आंकड़ा बढ़कर 10 पहुंच गया।
बैक-टू-बैक धमाके
पाकिस्तान के बलूचिस्तान में दो दिन में बैक-टू-बैक धमाके हुए हैं। गुरुवार को बलूचिस्तान प्रांत के कलात (Kalat) जिले में आईईडी धमाका हुआ था, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई थी और 5 लोग घायल हो गए थे। यह धमाका एक वैन के पास हुआ था। शुक्रवार को राजधानी क्वेटा में धमाका हुआ है और यह भी आईईडी डिवाइस से ही किया गया है।
बीएलए ने ली ज़िम्मेदारी
बलूचिस्तान में पिछले कई महीनों से बलूच विद्रोही, पाकिस्तानी सेना और सरकार के खिलाफ बगावत कर रहे हैं। ऐसे में अक्सर ही बलूचिस्तान में धमाकों के मामले सामने आते रहते हैं। शुक्रवार को हुए धमाके की ज़िम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है।