scriptजानिए पाताल तोडक़र क्यों निकाल रहे है रेगिस्तान में लोग पानी | Patrika News
बाड़मेर

जानिए पाताल तोडक़र क्यों निकाल रहे है रेगिस्तान में लोग पानी

भूजल के रिचार्ज और दोहन के आंकड़े दर्शाते है कि रेगिस्तान की जमीन एकदिन जवाब दे देगी। रिचार्ज के मुकाबले जिलेभर में 132 प्रतिशत अधिक दोहन हो रहा है। बाड़मेर-बालोतरा दोनों जिलों के 12 ब्लॉक अतिदोहित श्रेणी में है। चौहटन एकमात्र सुरक्षित क्षेत्र में है। अतिदोहन की वजह पेयजल की बजाय कृषि कुुंओं के लिए बढ़ रहा अंधाधुंध उपयोग है।

बाड़मेरMar 24, 2025 / 12:05 pm

Ratan Singh Dave

बाड़मेर.
भूजल के रिचार्ज और दोहन के आंकड़े दर्शाते है कि रेगिस्तान की जमीन एकदिन जवाब दे देगी। रिचार्ज के मुकाबले जिलेभर में 132 प्रतिशत अधिक दोहन हो रहा है। बाड़मेर-बालोतरा दोनों जिलों के 12 ब्लॉक अतिदोहित श्रेणी में है। चौहटन एकमात्र सुरक्षित क्षेत्र में है। अतिदोहन की वजह पेयजल की बजाय कृषि कुुंओं के लिए बढ़ रहा अंधाधुंध उपयोग है। हालांकि पेयजल के लिए नहरी पानी की उपलब्धता नहीं होने से मजबूरन विभाग और निजी स्तर पर कुओं का खनन कर पानी की आपूर्ति करनी पड़ रही है।
ये है हालात
केस -1 हरसानी
पूर्व जिला परिषद सदस्य गणपतसिंह भाटी कहते है कि हरसाणी एवं आसपास के क्षेत्र में पानी की आपूर्ति आगासडी गांव से पाइप लाइन से होती है,जो पिछले दो महीने से बंद है। सरकार की हर घर नल योजना भी अभी तक सुचारू शुरू नहीं हुई है इस कारण सम्पूर्ण क्षेत्र में पेयजल संकट है। इन दिनों गर्मी के तेवर बढऩे से आम जनता और पशु पक्षियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
केस -2 गिराब
हड़वंतसिंह भाटी बताते हैं कि पशुओं के लिए बने जलकुंड सूखे पड़े हैं। ऐसा भी नहीं है कि यहां पानी नहीं है। गिराब क्षेत्र मे पानी का अथाह भंडार है। कृषि के लिए इतने ट्युबवेल होते हुए भी ग्रामीणों को प्यासा क्यों रखा जा रहा हैं? समझ से परे हैं।जलदाय विभाग में नए मजदूर लिए ही नहीं जा रहे हैं। जो कार्यरत हैं वो एक एक कर सेवानिवृत्त हो रहे हैं। जलापूर्ति व्यवस्था गड़बड़ है।
केस -3 डीएनपी क्षेत्र
पन्नेसिंह बताते हैं कि बेरियों से पानी सींचकर निकालते हैं। सुबह पशुओं को पिलाते हैं शाम को घर के लिए पखाले भरते हैं। जल जीवन मिशन की पाइप लाइप में सप्ताह में एक बार पानी आता हैं। इसमें आधे घरों में पर्याप्त पानी नहीं पहुंचता है। ऐसे में अलग अलग बेरियों को आपस में बांटकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। जेठमालसिंह राजपुरोहित बताते हैं कि सरकार ने पाइपलाइन पर जितना खर्च किया है ,उसका दस प्रतिशत सप्लाई पर भी खर्च करें।
गूंज रही है विधानसभा में पीड़ा, पक्ष-विपक्ष ही नहीं सत्ता पक्ष भी
-पचपदरा विधायक अरूण चौधरी विधानसभा में कई बार कह चुके के उनके इलाके के गांवों में पंद्रह-पंद्रह दिन तक पानी नहीं आ रहा है। अधिकारी सुन नहीं रहे है। (सत्ता पक्ष के विधायक)
  • शिव विधायक रविन्द्रसिंह भाटी ने विधानसभा में बताया कि शिव क्षेत्र में पानी की पीड़ा हायतौबा मचा रही है। लोगों को मीलों पैदल चलने पर पानी नहीं मिल रहा है, सरकार पानी की समस्या का समाधान करवाएं। (निर्दलीय विधायक )
  • सिवाना विधायक हमीरङ्क्षसह भायल ने कहा कि सिणधरी इलाके में पानी की पीड़ा विकट है। कल्याणपुर-धवा और इंदिरा गांधी लिफ्ट परियोजना का कार्य नहीं होने से परेशानी है।(सत्ता पक्ष विधायक)
  • चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल ने बताया कि गुड़ामालानी चौहटन के लिए 35000 करोड़ से बनी योजना का कार्य आगे नहीं बढ़ा है। इससे चौहटन इलाके व आगे गडरारोड़ रामसर तक पानी की किल्लत है।(सत्ता पक्ष)
    घर-घर नल अभी दूर की कौड़ी
    जलजीवन मिशन के तहत घर-घर नल योजना अभी भी 20 प्रतिशत से कम पर है। प्रदेश में बाड़मेर 50 वें स्थान पर चल रहा है। असल में पानी का प्रबंध नहीं होने व टेण्डर लगने में हो रही देरी से योजना मंथर गति से चल रही है। जहां नल कनेक्शन कर लिए है वहां भी 50 प्रतिशत घरों में पानी नहीं पहुंच रहा है।
    क्या है समाधान
    नहरी पानी आने से पेयजल की समस्या का समाधान होगा। कृषि के लिए कुएं अंधाधुंध खोदे जा रहे है। इतनी क्षमता है नहीं। इसलिए जमीनी पानी कम होता जा रहा है। नहरी पानी के लिए बनी योजनाएं पूरी होने और घर-घर नल लगते ही समस्या का समाधान होगा। – सुरेश कुमार, भू वैज्ञानिक
ब्लॉक- रिचार्ज उपयोग ज्यादा प्रतिशत दोहन
बालोतरा- 1170.66 2951.02 252.10 अतिदोहन
बाड़मेर- 2230.64 3119.77 139.86 अतिदोहन
बायतु- 362.48 879.45 242.62 अतिदोहन
चौहटन- 2948.88 2000.97 67.86 सुरक्षित
धनाऊ-3374.68 3371.4 99.90 गंभीर
धोरीमन्ना-3135.20 6979.56 222.62 अतिदोहन
गडरारोड़-1013.56 1316.55 129.89 अतिदोहन
गिड़ा-76.25 232.44 304.84 अतिदोहन
गुड़ामालानी-4244.38 4186.73 98.64 गंभीर
कल्याणपुर-1111.95 788.8 70.94 सेमि क्रिटिकल
पाटोदी-1257.03 1164.9 92.67 गंभीर
रामसर-638.74 719.52 112.65 अतिदोहन
समदड़ी-1286.63 1694.74 131.72 अतिदोहन
सेड़वा-3078.29 3760.08 122.15 अतिदोहन
शिव -1215.88 4428.78 364.24 अतिदोहन
सिणधरी-3077.83 3795.60 123.32 अतिदोहन
सिवाना -5028.06 5151.16 102.45 अतिदोहन
कुल-32251.14 46541.65 132.03 अतिदोहन
(रिचार्ज और उपयोग के आंकड़े हैक्टेयर/ मीटर,स्रोत भूजल विभाग)

Hindi News / Barmer / जानिए पाताल तोडक़र क्यों निकाल रहे है रेगिस्तान में लोग पानी

ट्रेंडिंग वीडियो