पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि बापूनगर निवासी दीपक नायर ने मंगलवार रात सुभाषनगर थाना क्षेत्र में अयप्पा मंदिर के चौकीदार लालसिंह हाड़ा की चाकू घोंप कर निर्मम हत्या कर दी थी। सुभाषनगर पुलिस ने बुधवार सुबह चौकीदार का खून से सना शव बरामद कर आरोपी दीपक को गिरफ्तार किया था। पुलिस उसे पांच दिन के रिमांड पर लेकर वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद करने बापूनगर उसके घर गई। वहां मकान से सडांध आ रही थी। मकान खोलने पर आरोपी दीपक के दो साथी बापूनगर निवासी संदीप भारद्वाज और मोनू टांक का बरामदे में शव पड़ा था। दोनों के चेहरे जले हुए थे और प्राइवेट पार्ट को काट रखा था। इस पर प्रतापनगर थाना पुलिस का क्षेत्राधिकार होने से उनको भी वहां बुलाया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव तीन दिन पुराना होने से सडांध मार रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी दीपक ने बताया कि उसे दोनों साथियों पर जादू-टोना करने का शक था। इससे उसका काम धंधा नहीं चल रहा था। इसके चलते उसने शराब पिलाकर दोनों को मार दिया। पुलिस को आरोपी साइको किलर लग रहा है।