शहर में रविवार को मौसम के तीन रूप देखने को मिले। सुबह जहां बादल छाए रहे थे। दोपहर में धूप और शाम को फिर हल्की बूंदाबांदी हुई। शाम करीब साढ़े आठ बजे से फिर से रिमझिम बारिश का दौर शुरू हुआ। रात करीब नौ बजे बारिश ने गति पकड़ी और करीब आधा घंटा तक तेज बारिश से सड़कों पर पानी बह निकला। दिनभर उमस से परेशान रहे शहरवासियों को देर शाम राहत मिली।
देर शाम हुई बारिश से पारा करीब सात डिग्री गिर गया। शहर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही बादल छाए रहे। उसके बाद धूप निकालने से गर्मी ने तेवर दिखाए। हालांकि दोपहर बाद फिर से बादलों के डेरा जमाने से मौसम सुहाना हो गया था। शाम पांच बजे बाद कुछ देर बूंदाबांदी भी हुई। उमस के कारण लोग बेहाल रहे। उमस पसीने से तरबतर करती रही।