मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में विक्रमोत्सव के संबंध में मीडिया के लिए संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के बाद सम्राट विक्रमादित्य का शासन ही सुशासन की मिसाल स्थापित करता है। प्रदेश सरकार देशभर में विक्रमोत्सव के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित कर सम्राट विक्रमादित्य के जीवन के विभिन्न पहलुओं और उनकी शासन व्यवस्था से जन-जन को प्रेरित कराने का प्रयास कर रही है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने बताया कि आगामी 12-13 और 14 अप्रैल 2025 को नई दिल्ली में सम्राट विक्रमादित्य पर केन्द्रित भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को भी आमंत्रित किया गया है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विक्रमोत्सव भारतीय ज्ञान परम्परा के विभिन्न पहलुओं के प्रकटीकरण का एक माध्यम है। सम्राट विक्रमादित्य के शासन काल में प्रत्येक मंत्री अलग विषयों के विशेषज्ञ थे जो देश के अलग-अगल क्षेत्रों से आकर सम्राट विक्रमादित्य की शासन व्यवस्था से जुड़कर, व्यवस्था को सुशासन में बदलने का कार्य कर रहे थे। यह सौभाग्य का विषय है कि सम्राट विक्रमादित्य की राजधानी उज्जैन थी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि गुड़ी पड़वा के मौके पर सम्राट विक्रमादित्य के जीवन चरित्र पर केन्द्रित आयोजन प्रदेशभर में होंगे। राज्य के बाहर भी कार्यक्रम होंगे।