scriptसेना के शौर्य को समर्पित जैन मिलन का आयोजन | Organizing a Jain meet dedicated to the valor of the army | Patrika News
दमोह

सेना के शौर्य को समर्पित जैन मिलन का आयोजन

धर्म और देश के अद्भुत संगम में दमोह में हुआ गो ग्रास अर्पण

दमोहMay 08, 2025 / 11:03 am

Samved Jain

Jain Milan damoh

दमोह. जब-जब राष्ट्र पर संकट आता है, तब-तब भारत का हर नागरिक धर्म और कर्तव्य की भावना से एकजुट हो उठता है। हाल ही में पाकिस्तान द्वारा की गई नापाक हरकत का जब भारतीय सेना ने पराक्रम से उत्तर दिया, तो देशभर में गर्व और उत्साह की लहर दौड़ गई। इसी भावना को सजीव करते हुए जैन मिलन नगर प्रमुख शाखा ने एक विशेष गो ग्रास अर्पण कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय गो शाला में किया, जिसमें धर्म और देश प्रेम का अद्वितीय संगम देखने को मिला।
जैन दर्शन में गो सेवा को परम पुण्य माना गया है और जब यह सेवा राष्ट्र के रक्षकों की वीरता को समर्पित हो, तो उसका स्वरूप और भी दिव्य हो जाता है। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और नवकार मंत्र के जाप से हुई। इसके बाद राष्ट्रगान और भारत माता की जय के जय घोषों से वातावरण देश भक्ति और भक्ति से गूंज उठा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके जैन ने कहा हमारे सैनिक धर्म की रक्षा के लिए रण भूमि में खड़े हैं और हम अपने स्तर पर सेवा और गोभक्ति के माध्यम से राष्ट्रधर्म निभा रहे हैं। यह गो ग्रास अर्पण केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी श्रद्धा और राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। जैन पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंघई ने कहा जब तक गो माता की रक्षा और सेना के प्रति सम्मान की भावना जीवित है, तब तक भारत अमर रहेगा। जैन समाज ने हमेशा जीवदया, अहिंसा और राष्ट्रसेवा को साथ लेकर चलने का संदेश दिया है। यह आयोजन उसी भावना का जीवंत उदाहरण है।
शाखा के अध्यक्ष मुकेश जैन मम्मा ने आयोजन की व्यवस्था को धर्मसेवा का माध्यम बताते हुए कहा गो सेवा में देवों का वास होता है। जब यह सेवा वीर जवानों की शौर्य गाथा के सम्मान में हो तो यह स्वयं तीर्थ बन जाती है। गोशाला में उपस्थित सभी सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक गोमाता को हरा चारा अर्पित किया और पहलगाम शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी। संचालन शाखा के मंत्री संजीव जैन शाकाहारी ने किया। कार्यक्रम में सुनील जैन बेजेटेरियन, आनंद जैन, सचिंद्र जैन, सौरभ जैन, मनीष जैन, राकेश पलंदी, विकल्प जैन, सुधीर जैन डब्लू, अशोक जैन, विनय जैन, संतोष जैन, ज्ञानेंद्र जैन, दिलेश चौधरी सहित अन्य की मौजूदगी रही।

Hindi News / Damoh / सेना के शौर्य को समर्पित जैन मिलन का आयोजन

ट्रेंडिंग वीडियो