Rain Alert: अचानक बदले मौसम से बढ़ी किसानों की चिंता, आंधी और हल्की बारिश से मिलेगी राहत, IMD अलर्ट
Rain Alert: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और अवध क्षेत्र में शनिवार दोपहर मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस और गर्मी से परेशान लोगों को थोड़ी राहत मिली।
Rain Alert: इस मौसम परिवर्तन ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि इस समय खेतों में चना और तिलहन की कटाई चल रही है और बारिश के कारण फसलों के खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
शनिवार को लखनऊ के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे मेरठ, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत और बुलंदशहर में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलीं। लखनऊ में सुबह से ही बादल छाए हैं और दोपहर होते-होते बूंदाबांदी शुरू हुई। तकरीबन 20-25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली पछुआ हवाओं ने दिन के तापमान को लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक गिराया जिससे लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई।
अल्पकालिक राहत, फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव ज्यादा समय तक नहीं टिकने वाला है। लखनऊ के आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह की मानें तो यह परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ और दक्षिण-पश्चिमी हवाओं की वजह से हुआ है। उन्होंने बताया कि रविवार से मौसम फिर सामान्य हो जाने की और अगले कुछ दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
एक बार फिर गर्मी दिखाएगी तेवर
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अस्थायी रूप से मौसम बदला था लेकिन अब हवाएं उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने लगेंगी। इससे आसमान साफ हो जाएगा और तापमान में वृद्धि होगी। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले सप्ताह गर्मी और भी तीव्र रूप में लौट सकती है।
मौसम में आए अचानक बदलाव ने किसानों के लिए एक नई मुसीबत खड़ी कर दी है। इस समय खेतों में चना और तिलहन के फसलों की कटाई जारी है। बारिश के कारण इन फसलों के खेत में ही खराब होने की आशंका बढ़ गई है। किसान इस बात को लेकर परेशान हैं कि अगर बारिश जारी रही तो उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
किसानों को कृषि विशेषज्ञों की सलाह है कि किसान कटाई के बाद फसल को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर रख लें और खुले में न छोड़ें। इसके साथ ही जिन खेतों में अभी फसल पूरी तरह तैयार नहीं हुई है वहां जल निकासी की उचित व्यवस्था करें, ताकि पानी फसलों को नुकसान न पहुंचा सके।
Hindi News / Ghaziabad / Rain Alert: अचानक बदले मौसम से बढ़ी किसानों की चिंता, आंधी और हल्की बारिश से मिलेगी राहत, IMD अलर्ट