दो पट्टीदारों के बीच वर्षों से चल रहा है विवाद
जानकारी के मुताबिक खजनी थाना क्षेत्र के भरोहियां गांव के निवासी रामवृक्ष और उनके पट्टीदार रामसूरत, राममूरत आदि से पुश्तैनी मकान को लेकर विवाद है। इस विवाद का मामला कोर्ट में चल रहा है। इस बीच पुराने खपरैल के कच्चे मकान और जमीन में अपने हिस्से की भूमि को राजेश शर्मा को बैनामा कर दिया।
भूमि विवाद में कई बार किया जा चुका है शिकायत
राजेश शर्मा अपने हिस्से की बैनामे भूमि पर कब्जा पाने के लिए रामवृक्ष से विवाद करने लगे। मामले में दोनों पक्ष की ओर से दर्जनों बार तहसील, थाना और आईजीआरएस में शिकायत की जा चुकी है, बीते दिनों 24 अप्रैल को तहसील प्रशासन से पहुंची टीम द्वारा जेसीबी से मकान को ढहाने का प्रयास भी किया जा चुका है।
विवाद के दौरान हुई फायरिंग, तो किशोरियों की हालत गंभीर
शनिवार को दिनदहाड़े रामवृक्ष के परिवार के साथ मारपीट की गई। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग भी की गई। दो लोग गोली चलाते हुए सीसीटीवी में कैद भी हो गए हैं। इस फायरिंग में रामवृक्ष शर्मा की पौत्री मुस्कान और सलोनी को गोली लगी है। जिनका इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले में अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है।