मौसम में गुरुवार शाम को अचानक बदलाव हुआ। ग्वालियर में हल्के बादल छाए रहे, वहीं अंबाह के दर्जनभर गांवों में ओले गिरे। तकरीबन 40 सेकंड में ही ओले गिरने बंद हो गए। पोरसा में भी बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों के अनुसार जल्द ही मौसम साफ हो जाएगा।
अंबाह में शाम साढ़े सात बजे अचानक तेज आंधी चलने लगी। इससे जयेश्वर महादेव मेला में दुकानों के टीनशेड, परदे उड़ गए। इसमें छह लोग जख्मी हो गए, उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया है। इसके बाद चने के बराबर आकार के ओले गिरने शुरू हो गए। बरेह, सिंगावली, थरा, सुनावली, रानपुर, हरिहरपुरा, हमीरपुरा सहित कई गांवों में ओलावृष्टि की सूचना है।
बता दें कि खेतों में इस समय सरसों की फसल पककर तैयार हो चुकी है। कई जगह किसानों ने फसल काटना भी शुरू कर दी है लेकिन गुरुवार की शाम अचानक बदले मौसम ने किसानों को परेशानी में डाल दिया है। ओलावृष्टि व बारिश से सरसों की फलियां जहां झड़ जाएंगी, वहीं पानी से भीगने पर चटककर बिखरने से उत्पादन भी कम हो जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ गुजर रहा है और राजस्थान में चक्रवातीय घेरा बना हुआ है। इससे पश्चिमी हवा शांत रही और अरब सागर से नमी भी आ गई है। अगले 2 दिन में तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होगी।
तापमान 2 डिग्री नीचे आया :
ग्वालियर में अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई। गर्मी से हल्की राहत मिल गई। हालांकि तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा। अधिकतम तापमान 34.6 व न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं मुरैना में तापमान 3 डिग्री नीचे आ गया।
दो दिन ऐसा रहेगा मौसम 14 मार्च: प्रदेशभर में तापमान में बढ़ोतरी होगी। रात में भी तापमान बढ़ा रहेगा।
15 मार्च: प्रदेश के पूर्वी हिस्से यानि जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभागों में भी खासी गर्मी रहेगी, पारा चढ़ेगा।