होली और रंगपंचमी पर इंदौर और महू में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त तेवर दिखा रहे हैं। इसके लिए जहां इंदौर और महू में 2 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है वहीं संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है।
होली के दिन ही जुमे की भी नमाज है जिससे प्रशासन व पुलिस अधिकारी खासे सतर्क हैं। इसे देखते हुए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने सीधे आम लोगों और गणमान्य नागरिकों से भी मुलाकात की। हर थाने की शांति समिति की बैठक बुलाकर सभी लोगों को त्योहारों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी गई।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मुस्लिम समुदाय से होली को लेकर खासतौर पर अपील की। मौलानाओं से अपने धर्मस्थलों को प्लास्टिक या तिरपाल से ढंकने का आग्रह किया गया गया। उनसे कहा गया कि अगर रंगों से कोई दिक्कत है तो वे मस्जिदों को कवर कर लें।
इंदौर के गांधीनगर थाना प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि मौलानाओंं से कहा गया है कि होली और रंग पंचमी पर धार्मिक स्थलों को ढक लें। शांति समिति की बैठक में होली के दिन शुक्रवार पर नमाज पढ़ने की भी बात उठी थी। इस पर उन्हें समझाइश दी गई। मुस्लिमों से कहा गया है कि अगर नमाज के दौरान कोई रंग गुलाल डाले तो विवाद न करें बल्कि सद्भावना दिखाएं।
पुलिस बदमाशों, गुंडों पर भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दे रही है। गांधीनगर थाना में ही 30 कुख्यात गुंडों को थाने में बुलाकर रेड और येलो नोटिस दिए। थाना प्रभारी अनिल यादव के अनुसार उन्हें सख्त हिदायत दी कि होली और रंग पंचमी के दिन किसी भी हाल में उत्पात न मचाएं। इसी के साथ रेड और येलो कलर का रंग लगाकर सभी बदमाशों को होली की शुभकामनाएं भी दीं।
महू और इंदौर में होली और रंगपंचमी पर हर जोन में 2-2 ड्रोन से निगरानी की जा रही है। मकानों की छतों पर भी पुलिस नजर रख रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस अधिकारियों की कड़ी नजर है, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। इंदौर और महू में 2 हजार से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। इंदौर पुलिस ने शहर के लिए 175 पेट्रोलिंग मोबाइल्स तय किए हैं जबकि संवेदनशील इलाकों में 40 फिक्स प्वाइंट्स तय किए हैं।