Jaipur News: राजस्थान सरकार जयपुर में 2 नगर निगम (हेरिटेज और ग्रेटर) को एक नगर निगम बनाने की तैयारी कर रही है। करीब 30 साल बाद नगर निगम की सीमा का विस्तार होगा। गौरतलब है कि सरकार जयपुर, सांगानेर और आमेर उपखंड के 80 नए गांवों को नगर निगम में जोड़ने की तैयारी कर रही है। जयपुर जिला प्रशासन ने नगर निगम के पुनर्गठन पर काम शुरू कर दिया है।
जयपुर जिला प्रशासन के प्रस्ताव को सरकार के पास जल्द भिजवाया जाएगा। बताया जा रहा है कि इसकी समय सीमा मई-जून 2025 तय की गई है। सरकार के पास प्रस्ताव भेजने के बाद इस पर आपत्ति और सुझाव मांगे जाएंगे।
सरकार ने बनाई सब कमेटी
जयपुर, कोटा और जोधपुर में दो-दो निगम को एक करने की तैयारी को लेकर सरकार ने कैबिनेट सब कमेटी बनाई है। जो शहरों में निकायों के अपग्रेडेशन का रिव्यू कर रही है। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने हाल ही में मीडिया से बातचीत में कहा था कि सरकार ने वार्डों के परिसीमन की तैयारी शुरू कर दी है। निकाय सीमाओं का परिसीमन और पुनर्गठन होने के बाद वार्डों का पुनर्गठन होगा।
80 गांव होंगे शहरी क्षेत्र में शामिल
नगर निगम की सीमा में विस्तार को दौरान जयपुर, सांगानेर और आमेर उपखंड की 27 ग्राम पंचायतों के कुल 80 राजस्व गांव को शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सांगानेर उपखंड के 46 गांव, जयपुर उपखंड के 26 और आमेर के 8 गांव को शहरी क्षेत्र में शामिल किया जाएगा।
बता दें कि साल 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में जयपुर नगर निगम को दो हिस्सों में बांट गया था। नगर निगम ग्रेटर और नगर निगम हेरिटेज बना दिए थे। नगर निगम ग्रेटर में वार्डों की संख्या 150 और हेरिटज में 100 कर दी थी। कुल 250 वार्ड बनाए गए थे।