थाना प्रभारी उमराव जाट ने बताया कि तीन ईनामी आरोपी संग्राम सिंह उर्फ लक्की, रजत सिंह उर्फ चेतन व सुरेन्द्र सिंह राजपूत निवासी बुहाना को गिरफ्तार किया गया है। उक्त प्रकरण में बुहाना निवासी विरेन्द्र सिंह राजपूत ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उसके चाचा वार्ड पंच शार्दुल सिंह बुधवार शाम को ऊंट गाडी लेकर घर आ रहा था। रास्ते में एक राय होकर जान से मारने की नियत से हथियारों से लैस होकर आए बुहाना के संग्राम सिंह उर्फ लक्की पुत्र सुरेन्द्र सिंह राजपूत, चेतन पुत्र सतीश सिंह राजपूत, सुरेन्द्र सिंह पुत्र सतीदान सिंह राजपूत, दीपक सिंह पुत्र सुभाष सिंह राजपूत एवं तीन लडके इनके साथ थे।
सभी ने उसके चाचा को रोककर जान से मारने की नियत से हथियारों से हमला कर दिया व धारदार हथियार से सिर, हाथ एवं पैरों पर हमला बोलकर गंभीर रुप से घायल कर दिया। पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शेष की गिरफ्तारी के लिए दबिश डाली जा रही है। उक्त प्रकरण महिला एवं प्रोपर्टी को लेकर हुआ बताया जा रहा है।
हरियाणा से किया गिरफ्तार
पुलिस ने घटना के बाद बुहाना, झारोड़ा, इस्माईलपुर, कुहाड़वास, कांजला, नूहनियां, ढाणी सम्पत सिंह, हरियाणा के महेन्द्रगढ़, लहरोदा, बाछोद, नूनीकलां, नारनौल, गुरुग्राम, सोहना, तावडू, बिलासपुर सहित संभावित ठिकानों पर दबिश डाली। मुखबिर की सूचना मिलने पर संग्राम सिंह उर्फ लक्की, रजत सिंह उर्फ चेतन को हरियाणा के नारनौल से गिरफ्तार किया गया। आरोपी संग्राम सिंह पर तीन प्रकरण दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीटर सुरेन्द्र सिंह को थाना इलाके के इस्माईलपुर गांव से गिरफ्तार किया गया। सुरेन्द्र सिंह पर बुहाना सहित अन्य थाना में विभिन्न धाराओं के तहत करीब एक दर्जन प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियारों को जब्त कर लिया है। आरोपियों को रविवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह रहे टीम में शामिल
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए डीएसपी नोपाराम भाकर के नेतृत्व में बनी टीम पुलिस टीम में थाना प्रभारी उमराव जाट, राजेश कुमार एएसआई, अजय कुमार हैड कांस्टेबल, रतन सिंह कांस्टेबल, महेश कुमार हैड कांस्टेबल, केशव कुमार कांस्टेबल, सोमवीर कांस्टेबल शामिल थे। इस कार्य में विशेष भूमिका केशव कुमार कांस्टेबल की रही।