Rain Alert:आज मौसम मुश्किलें बढ़ा सकता है। दरअसल,
उत्तराखंड में शुक्रवार शाम से शनिवार सुबह अधिकांश इलाकों में बारिश हुई है। साथ ही चारों धामों के अलावा हर्षिल, औली, हेमकुंड, मुनस्यारी सहित अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी भी हुई है। केदारनाथ, मद्ममहेश्वर, तुंगनाथ, कार्तिक स्वामी, चंद्रशिला सहित ऊंची चोटियों पर शनिवार सुबह बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में बारिश हुई। बारिश और बर्फबारी से पूरे जिले में मौसम ठंडा हो गया। चमोली जिले में शुक्रवार रात और शनिवार सुबह बदरीनाथ और हेमकुंड में भारी हिमपात हुआ। शनिवार को बदरीनाथ में एक फुट से अधिक बर्फ गिरी। पर्यटन स्थल औली में भी बर्फबारी हुई। शनिवार सुबह चार बजे से 10 बजे तक बर्फबारी का सिलसिला चला। औली की ढलानों में लगभग 2 इंच तक ताजा बर्फ गिरी। बर्फबारी से पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया। इधर, कुमाऊं में भी उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पिथौरागढ़, मुनस्यारी के साथ बागेश्वर के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई। खलिया टॉप, भुजानी, आदि कैलास, मानसरोवर मार्ग पर 18 से 20 इंच तक हिमपात हुआ है। इसी बीच आईएमडी ने आज पूरे राज्य में बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही आईएमडी ने राज्य भर में आज भारी बर्फबारी, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली कड़कने का येलो अलर्ट जारी कर लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।
Hindi News / Lucknow / Rain Alert:आज पूरे प्रदेश के लिए येलो अलर्ट, बारिश और ओले मचा सकते हैं आफत