मरने से पहले की दोनों ने फोन पर बातचीत
मरने से पहले लड़की और लड़के ने फोन पर बातचीत की। इस दौरान लड़की ने लाइव फोन पर अपने प्रेमी से कहा कि वह साथ जी नहीं सकते हैं लेकिन साथ मर सकते हैं। इसके बाद लड़की ने जहर खा लिया और फिर उसके प्रेमी ने भी सुसाइड कर लिया। लड़के ने लड़की की मौत के करीब 6 घंटे बाद दम तोड़ा। शुक्रवार को लड़का और लड़की के जनाजे उठे। मृतक लड़के की उम्र 17 साल और लड़की की उम्र 15 साल थी। घटना सरधना की है। लोगों का कहना है कि लड़की 9वीं कक्षा में पढ़ती थी और घर से रोज पैदल स्कूल जाती थी। रास्ते में ही लड़के की दुकान थी। अक्सर लड़का स्कूल आते–जाते समय लड़की से बात करने की कोशिश करता था लेकिन लड़की उसे मना कर देती थी।
परिजनों ने किया शादी से इनकार
मृतका की सहेलियों की माने तो दोनों की दोस्ती तो पिछले डेढ़ साल से थी। धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद दोनों की WhatsApp पर बातचीत शुरू हुई। दोनों ने तय कर लिया कि वह शादी करेंगे। इस बारे में उन्होंने अपने-अपने घरवालों से बातचीत की। दोनों की बिरादरी अलग-अलग होने की वजह से परिजनों से शादी करवाने से इनकार कर दिया था। मृतका के पड़ोसियों का कहना कि 3 बहनों में से मृतका सबसे बड़ी थी। लड़की के स्कूल से लौटते समय पैदल बातचीत करते हुए उसके घर तक लड़का छोड़ने जाता था। 6 महीने पहले लड़की के घरवालों ने उसे लड़के के साथ देखने के बाद आपत्ति भी जताई थी। इसके बाद लड़की के स्कूल जाने और बाहर निकलने पर भी उसके परिजनों से रोक लगा दी थी।
पुलिस को नहीं दी जानकारी, परिजनों ने दफनाया शव
10 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे दोनों एक-दूसरे से फोन पर बातचीत कर रहे थे। घरवालों के शादी से इनकार करने के बाद दोनों ने तय किया वह साथ नहीं रह सकते तो साथ मर जाते हैं। इसके बाद रात के करीब 9 बजे दोनों ने अपने-अपने घरों में जहर खा लिया। हालात बिगड़ने के बाद प्रेमी युगल को अस्पताल ले जाया गया जहां इलाज के दौरान लड़की ने 2 बजे दम तोड़ दिया। वहीं लड़के ने सुबह 8 बजे करीब दम तोड़ दिया। पुलिस को जानकारी दिए बिना ही लड़की के घरवालों ने उसका शव दफना दिया।
मामले की जांच जारी
अस्पताल की तरफ से मेमो थाने में भेजने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ और लड़के के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया। शाम तक लड़के शव को भी दफन कर दिया गया। हालांकि किसी भी शिकायत के लिए लड़के और लड़की दोनों के परिजनों ने इनकार कर दिया है। पूरे मामले में संजय जायसवाल (CO सरधना) का कहना है कि दोनों परिवारों के सदस्यों से बयान लिए जा रहे है। रात को लड़की मौत हो गई थी। मामले की जांच की जा रही है।