पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 72 घंटों तक गर्मी से कुछ राहत रहेगी। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। हालांकि बढ़ती गर्मी के कारण उमस भी ज्यादा महसूस होगी क्योंकि उत्तर-पूर्वी हवाओं के चलते वातावरण में नमी का प्रतिशत अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में 20 अप्रैल तक यलो अलर्ट जारी किया है।
ईरान से आए पश्चिमी विक्षोभ का असर
ईरान से आए पश्चिमी विक्षोभ का असर जम्मू-कश्मीर सहित अन्य पहाड़ी राज्यों के साथ मैदानी इलाकों पर भी पड़ा है। प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को आंधी और बारिश की स्थिति रही, जबकि मुरादाबाद में तेज हवाएं चलीं। गुरुवार और शुक्रवार की रात तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे रात के तापमान में बढ़ोतरी और दिन की गर्मी में थोड़ी राहत मिली। मुरादाबाद में दिन का तापमान 38.4°C से घटकर 37.8°C पहुंच गया, जबकि रात का तापमान 22.7°C से बढ़कर 24.4°C हो गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले दिनों में रात के तापमान में और बढ़ोतरी और दिन के तापमान में वृद्धि देखी जाएगी।
हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय ने बताया कि देश के कई राज्यों में मौसमी परिस्थितियां खराब बनी हुई हैं। उत्तर प्रदेश में 20 अप्रैल तक गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी रहेगी। मुरादाबाद मंडल में भी अगले 24 से 48 घंटों के भीतर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
ब्रज में गर्मी ने पकड़ी रफ्तार
ब्रज क्षेत्र में दो दिन की राहत के बाद फिर से गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले दो दिनों से अधिकतम तापमान 41°C के पार पहुंच चुका है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्म हवाएं चलने की संभावना है और तीन दिन बाद गर्मी और ज्यादा तीव्र हो जाएगी। आगरा में दिन का तापमान 41.7°C और न्यूनतम तापमान 25.7°C रिकॉर्ड किया गया। ब्रज के अन्य जिलों में भी अधिकतम तापमान 42°C के आसपास बना हुआ है। फिलहाल आसमान में हल्के-फुल्के बादल हैं, लेकिन तीन दिन बाद आसमान पूरी तरह साफ होगा और धूप की तपिश और सताएगी। अगले एक सप्ताह तक मौसम में कोई बड़ी राहत की उम्मीद नहीं है।