Sharmishta Panoli: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और लॉ स्टूडेंट शर्मिष्ठा पनोली की गिरफ्तारी ने हाल के दिनों में खासी सुर्खियां बटोरीं। इस मामले में अब एक नया और आश्चर्यजनक मोड़ सामने आया है। शर्मिष्ठा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाले वजाहत खान को कोलकाता पुलिस ने हेट स्पीच और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में पुलिस ने बताया कि 1 जून से वजाहत खान फरार चल रहा था। उसे कई छापों के बाद हिरासत में लिया गया है, क्योंकि वह बार-बार पुलिस के समन का जवाब देने में विफल रहा था।
30 मई को शर्मिष्ठा पनोली को किया था गिरफ्तार
शर्मिष्ठा पनोली, जो पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल में कानून की पढ़ाई कर रही हैं, को 30 मई को कोलकाता पुलिस ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ कोलकाता के गार्डन रीच थाने में वजाहत खान की शिकायत पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप था कि शर्मिष्ठा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और कुछ बॉलीवुड सितारों की चुप्पी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
शर्मिष्ठा ने मांगी थी माफी
इस वीडियो के वायरल होने के बाद शर्मिष्ठा को भारी ट्रोलिंग और धमकियों का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्होंने वीडियो हटा लिया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। फिर भी, कोलकाता पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाद में, कलकत्ता हाई कोर्ट ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी थी।
शिकायतकर्ता के खिलाफ दर्ज किया था मामला
लेकिन इस मामले में अब शिकायतकर्ता वजाहत खान खुद विवादों में फंस गए हैं। कोलकाता पुलिस ने 9 जून को वजाहत खान को हेट स्पीच और धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में गिरफ्तार किया। वजाहत पर आरोप है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर हिंदू धर्म, देवी-देवताओं और परंपराओं के खिलाफ अपमानजनक और भड़काऊ पोस्ट किए। ‘श्री राम स्वाभिमान परिषद’ ने 2 जून को गार्डन रीच थाने में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उनके पोस्ट को धार्मिक समूहों के बीच दुश्मनी फैलाने वाला बताया गया। इसके अलावा, असम और दिल्ली पुलिस भी वजाहत की तलाश में थीं, क्योंकि उनके खिलाफ इन राज्यों में भी कई प्राथमिकियां दर्ज की गई थीं।
वजाहत खान के खिलाफ कोलकाता के गोल्फ ग्रीन पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसमें धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, समूहों के बीच दुश्मनी बढ़ाने और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वजाहत ने शर्मिष्ठा की गिरफ्तारी के बाद अपनी कई विवादित पोस्ट डिलीट कर दी थीं और 1 जून से फरार थे।
Hindi News / National News / शर्मिष्ठा पनोली मामले में नया मोड़, शिकायतकर्ता वजाहत खान को कोलकाता पुलिस ने किया गिरफ्तार