scriptपूर्व मंत्री को शामिल करा नीतीश के कोर वोट बैंक में सेंध लगा रहे हैं तेजस्वी | Renu Kushwaha joined RJD in presence of Tejashwi | Patrika News
राष्ट्रीय

पूर्व मंत्री को शामिल करा नीतीश के कोर वोट बैंक में सेंध लगा रहे हैं तेजस्वी

रेणु कुशवाहा का राजनीतिक करियर कई दलों से होकर गुजरा है। एक समय वह नीतीश कुमार की बेहद करीबी मानी जाती थीं। अब वह राजद में शामिल हो गई हैं। राजद लगातार कुशवाहा समुदाय में अपनी पैठ मजबूत करने में जुटा हुआ है।

पटनाJun 26, 2025 / 12:27 pm

Pushpankar Piyush

Renu Kushwaha joined RJD

Renu Kushwaha joined RJD

Bihar Assembly Election 2025: राजद (RJD) ने NDA में बड़ी सेंधमारी की है। पूर्व मंत्री रेणु कुशवाहा (Renu Kushwaha) अपने कई समर्थकों के साथ राजद में शामिल हो गईं। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejaswi Yadav) ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। राजद कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह के दौरान तेजस्वी ने कहा कि रेणु कुशवाहा के पार्टी में शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। राजद अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को आगे लाने की सोच रखता है।

भाजपा और नीतीश ने आरक्षण की हकमारी की है

तेजस्वी यादव ने कहा कि हम सभी लोगों को जोड़कर ऐसा बिहार बनाएंगे, जिसमें कोई अपमानित महसूस न करे। उन्होंने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि दलित, पिछड़ा, आदिवासी समाज के लोग क्या कथा सुनाने के अधिकारी नहीं हैं? बिहार से सामंतवाद समाप्त करके दिल्ली के सामंतवाद को खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा (BJP) और नीतीश कुमार (Nitish kumar) ने मिलकर 65 प्रतिशत आरक्षण को 9वीं अनुसूची में नहीं शामिल कर 16 प्रतिशत आरक्षण की हकमारी की है, जो शोषितों, वंचितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों, दलितों, आदिवासियों के साथ अन्याय है।
यह भी पढ़ें

सीएम की कुर्सी तक पहुंचने के लिए एक-एक वोट जरूरी, 12 हजार वोट से चूके थे तेजस्वी, सहनी बनेंगे X फैक्टर

एक समय नीतीश की बेहद करीबी थीं रेणु कुशवाहा

रेणु कुशवाहा का राजनीतिक करियर कई दलों से होकर गुजरा है। एक समय वह नीतीश कुमार की बेहद करीबी मानी जाती थीं। वह जदयू में 2014 तक सक्रिय रहीं। 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले वह बीजेपी में शामिल हो गईं। उन्होंने बीजेपी से अपने पति को मधेपुरा का टिकट दिलवाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। साल 2019 में वह खगड़िया सीट से बीजेपी की टिकट पर चुनाव लड़ना चाहती थीं। टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने भाजपा से किनारा कर लिया। उन्होंने चिराग पासवान की पार्टी LJP(R) का दामन थाम लिया, लेकिन टिकटों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाकर उन्होंने 2023 में इस्तीफा दे दिया।
यह भी पढ़ें

बिहार विधानसभा चुनाव: नीतीश के बिना बनेगी सरकार, महागठंधन खुश, जनसुराज का क्या होगा?

कुशवाहा वोट पर राजद की नजर

जातीय सर्वे के मुताबिक बिहार में कुशवाहा जाति की आबादी 4.27 फीसदी है। बीजेपी (BJP) ने सम्राट चौधरी को डिप्टी सीएम बनाकर कुशवाहा समुदाय को संकेत दिया है। दूसरी तरफ, राजद (RJD) की नजर भी कुशवाहा समुदाय पर है। राजद ने औरंगाबाद से सांसद अभय कुशवाहा को लोकसभा में राजद संसदीय दल का नेता घोषित किया है। 2024 के लोकसभा चुनाव में अभय कुशवाहा ने बीजेपी उम्मीदवार को हराया था। नीतीश की पार्टी जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा हैं। राजद लगातार अतिपिछड़ा वोट में सेंधमारी की कोशिश कर रही है। इससे पहले राजद सुप्रीमो लालू यादव ने मंगनी लाल मंडल को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। समाजवादी खेमे से आने वाले धानुक समुदाय के मंगनी कर्पूरी ठाकुर के दौर से सियासत करते आ रहे हैं।

Hindi News / National News / पूर्व मंत्री को शामिल करा नीतीश के कोर वोट बैंक में सेंध लगा रहे हैं तेजस्वी

ट्रेंडिंग वीडियो