राज्यसभा सांसद संजय राउत ने मुंबई के मालाबार हिल इलाके में स्थित वर्षा बंगले को लेकर सनसनीखेज दावा किया है। वर्षा बंगला महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास है। राउत ने दावा किया कि किसी ने वर्षा बंगले में जादू-टोना किया है और इसलिए सीएम फडणवीस दोबारा इस बंगले में जाना नहीं चाहते है।
संजय राउत ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि देवेंद्र फडणवीस वर्षा बंगले पर रहने के लिए क्यों नहीं जा रहे हैं? शपथ लेने के इतने दिन बाद भी वह अब तक क्यों नहीं गए? इसे लेकर महाराष्ट्र भी चिंतित है। शिंदे खेमे में सभी नींबू सम्राट हैं। सुनने में आया है कि बीजेपी खेमे में चर्चा है कि वर्षा बंगले के बाहर लॉन मीन गढ्ढा खोदकर उसमें कामाख्या देवी में काटा गया भैंसे का सींग दफनाया है। यह बात उनके अपने लोग ही कह रहे हैं।
राउत ने आगे कहा, यह सही बात है या गलत? हम अंधविश्वास में विश्वास नहीं करते, बल्कि अंधविश्वास उन्मूलन अधिनियम को मानने वाले लोग हैं। कामाख्या मंदिर में भैंसे की बलि दी गई, वहां से तंत्र-मंत्र वाली सींग लाकर यहां दफनाई गई है… जिससे मुख्यमंत्री का पद किसी दूसरे व्यक्ति के पास नहीं टिक सके। यह बात खुद वहां का स्टाफ भी कह रहा है।
संजय राउत ने कहा कि मुख्यमंत्री का आवास खाली पड़ा हुआ है। मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास प्रतिष्ठा का विषय है। महाराष्ट्र की जनता जानना चाहती है कि वहां ऐसा क्या हुआ है। इसका कारण कौन है? मुख्यमंत्री के मन में किस बात का डर है, वे अस्थिर और बेचैन क्यों हैं?
शिवसेना (UBT) नेता ने इससे पहले कहा था, “पहली बार मैं देख रहा हूं कि वर्तमान के मुख्यमंत्री वर्षा बंगले (मुख्यमंत्री का आधिकारिक निवास है) में जाने से डर रहे हैं वह क्यों डरते हैं…अगर आप मुख्यमंत्री हैं, तो आपको वहां रहना ही होगा…मैं सुन रहा हूं कि देवेंद्र फडणवीस वहां नहीं जाना चाहते हैं। महाराष्ट्र में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।”