scriptGujarat: भाजपा ने नियुक्त किए 31 जिला -महानगर अध्यक्ष, जानिए कौन हुए रिपीट | Gujarat: BJP appointed 31 district-metropolitan presidents | Patrika News
राजनीति

Gujarat: भाजपा ने नियुक्त किए 31 जिला -महानगर अध्यक्ष, जानिए कौन हुए रिपीट

-13 जिला-महानगर अध्यक्ष किए रिपीट, एक महिला को बनाया शहर प्रमुख

अहमदाबादMar 06, 2025 / 10:53 pm

nagendra singh rathore

kamlam

भाजपा प्रदेश मुख्यालय।

Ahmedabad. गुजरात प्रदेश भाजपा की ओर से राज्य में महानगर और जिलों में नया संगठन बनाने का कार्य चल रहा है। रायशुमारी और चयन के बाद लंबे समय से अटकी नामों की घोषणा आखिरकार स्थानीय निकाय चुनाव के बाद शुरू हुई है।
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सी आर पाटिल ने राज्य के 31 जिला और महानगर के अध्यक्षों के नाम की घोषणा की है। इसमें से 13 जिला और महानगर में पार्टी ने अध्यक्ष को रिपीट किया है। यह नए अध्यक्ष तीन साल तक जिम्मेदारी संभालेंगे।पार्टी का कहना है कि ऐसे नेताओं को जिला और महानगर के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलेंगे। कई जगहों पर नए लोगों को भी मौका दिया गया है। महिलाओं की बात करें तो 31 में से सिर्फ जामनगर शहर में इकलौती बीना कोठारी को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अरवल्ली में असंतोष दूर करने की कोशिश, भीखाजी अध्यक्ष

लोकसभा चुनाव के दौरान साबरकांठा सीट से उम्मीदवार घोषित किए गए भीखाजी ठाकोर के उम्मीदवारी वापस लेने के बाद फिर से टिकट लेने की कोशिश करने के चलते फैले असंतोष को पार्टी ने दूर करने की कोशिश की है। पार्टी ने भीखाजी ठाकोर की जगह शोभना बारैया को टिकट दी थी। वे सांसद चुनी गई हैं। उस समय के असंतोष को पार्टी ने भीखाजी को अरवल्ली जिले का अध्यक्ष बनाकर दूर किया है।

कच्छ से लेकर सूरत, बनासकांठा में अध्यक्ष रिपीट

पार्टी ने 13 जिला और महानगर अध्यक्षों को फिर से मौका दिया है। इनमें कच्छ जिला अध्यक्ष देवजी वरचंद, सूरत जिला अध्यक्ष पद पर भरत राठौड़, बनासकांठा जिला अध्यक्ष पद पर पूर्व मंत्री कीर्ति सिंह वाघेला को रिपीट किया है। गांधीनगर जिला अध्यक्ष पद पर अनिल पटेल, महेसाणा में गिरीश राजगोर, महीसागर में दशरथ बारिया, डांग में किशोर गावित, देवभूमि द्वारका में मयूर गढवी, साबरकांठा में कनू पटेल, सुरेन्द्रनगर में हितेन्द्र सिंह चौहान, नवसारी में भूरालाल शाह, वलसाड में हेमंत कंसारा और बोटाद में मयूर पटेल को रिपीट किया गया है।

अहमदाबाद जिले में घोषणा, शहर बाकी

अहमदाबाद जिले के अध्यक्ष पद पर शैलेष दावडा को नियुक्त किया है। वे जिले में महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हालांकि अहमदाबाद शहर भाजपा अध्यक्ष पद की घोषणा अभी नहीं की गई है।

मार्च अंत तक प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति संभव

प्रदेश भाजपा सूत्रों का कहना है कि राज्य के सभी जिला और शहर अध्यक्षों की नियुक्ति होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष का चयन होगा। मार्च अंत तक प्रदेश अध्यक्ष पद पर चयन होने की संभावना है।

Hindi News / Political / Gujarat: भाजपा ने नियुक्त किए 31 जिला -महानगर अध्यक्ष, जानिए कौन हुए रिपीट

ट्रेंडिंग वीडियो