CG News: फार्म हाउस संचालक के खिलाफ भी अपराध दर्ज
बुधवार देर रात पुलिस ने एक फार्म हाउस में हुक्का बार संचालित करते पकड़ा। पुलिस ने पार्टी के आयोजक और फार्म हाउस संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
हुक्का बार संचालक का अब तक पता नहीं चल पाया है। तेलीबांधा पुलिस के मुताबिक वीआईपी रोड में रिंकू अरोरा के आदित्य फार्म हाउस में देर रात तक पार्टी चलने और हुक्का पिलाने की सूचना मिली। इसके बाद भी तेलीबांधा पुलिस मौके पर पहुंची।
फार्म हाउस में विकास सिंह बरोई की पार्टी चल रही थी। इसमें हुक्का पिलाया जा रहा था। पुलिस ने विकास को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से 9 हुक्का पॉट जब्त किया। विकास के खिलाफ सामान्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने फार्म हाउस संचालक के खिलाफ भी अपराध दर्ज किया है। हुक्का बार संचालक को भी अब तक पुलिस पकड़ नहीं पाई है।
कई बार हो चुकी हैं घटनाएं
देर रात तक शराब बिकने से अपराध भी बढ़ रहा है। सड़क हादसा हो या चाकूबाजी जैसी घटनाएं इसी के चलते हो रही हैं। वीआईपी रोड में देर रात शराब पीकर वाहन चलाने से कई सड़क हादसे हो चुके हैं। नशे में धुत रशियन युवती ने दोपहिया सवार युवकों को रौंद दिया था।
मॉर्निग वॉक में निकली तीन महिलाओं को भी युवक-युवती की तेज रफ्तार कार ने रौंदा था। आरोपी युवक, युवती ने रेलवे स्टेशन के एक रेस्टोरेंट में देर रात को खाना-पीना किया था। पहले भी क्वींस क्लब में फायरिंग जैसी घटना हो चुकी है।
बिना अनुमति के पिलाई जा रही शराब
CG News: तेलीबांधा के वीआईपी रोड, विधानसभा, कचना, सिविल लाइन आदि इलाकों के बार ओवरटाइम चल रहे हैं। देर रात तक बार खोलकर शराब पिलाई जा रही है। इसके अलावा पार्सल सुविधा भी दी जा रही है। इसके खिलाफ आबकारी विभाग कोई एक्शन नहीं लेता है और न ही पुलिस वाले चेकिंग करते हैं। बार के अलावा कई होटल, पब, रेस्टोरेंट और कैफे है, जिनमें बिना अनुमति के
शराब पिलाई जा रही है और हुक्का बार भी संचालित किया जा रहा है।