CG Nikay Chunav Voting 2025: एतिहासिक होगा मतदान का नतीजा
इसमें 49.4 प्रतिशत महिलाओं और 49.79 प्रतिशत पुरुषों ने वोटिंग की। पिछले चुनाव 2019 की बात की जाए तो वोटिंग प्रतिशत 55.12 फीसदी था। यानी पिछले चुनाव से इस बार 5.54 फीसदी कम लोगों ने वोट किया। प्रशासन द्वारा मतदान के लिए कई जागरुकता कार्यक्रम चलाए गए जिसमें करोड़ों रुपए भी खर्च हुए, बावजूद इसके वोट प्रतिशत बढ़ने के बजाय कम हो गया। रायपुर के सभी नगरीय निकायों में 52.75 फीसदी मतदान हुआ। यह चुनाव रायपुर के लिए इस लिहाज से ऐतिहासिक होने वाला है कि महापौर की रेस में 16 प्रत्याशी मैदान में हैं, कोई भी जीते, लेकिन वो नया इतिहास होगा, क्योंकि वह रायपुर की दूसरी महिला महापौर होगी। रायपुर में 1980 के बाद से अब तक 9 लोगों ने महापौर का जिम्मा संभाला है। जिसमें केवल एक बार 2010 में किरणमई नायक पहली महिला महापौर बनीं थी।
पिछले चुनाव से 5.56% महिलाएं कम पहुंची
रायपुर में 2019 के निगम चुनाव में 55.30 प्रतिशत पुुरुषों और 54.96 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया था, जबकि इस बार 49.79 फीसदी पुरुष और 49.4 फीसदी महिलाओं ने ही वोट दिया। यानी ओवरऑल वोटिंग प्रतिशत कम होने के साथ ही पुरुष और महिला वोटर के वोट प्रतिशत भी कम हो गए। पिछले साल से 5.51 फीसदी पुरुष और 5.56 फीसदी महिला वोटर ने कम मतदान किया।
पिछले दो चुनाव में रायपुर जिले के नगरपालिका के मत प्रतिशत
नगरपालिका 2019 2025 नगरपालिका निगम रायपुर 55.12 49.58 नगरपालिका परिषद आरंग 83.38 77.51 नगरपालिका परिषद गोबरा नवापारा 78.83 79.12 नगर पालिका परिषद तिल्दा 79.34 75.42 नगरपालिका परिषद अभनपुर 81.84 81.22 नगर पंचायत कूरा 89.55 89.52 नगर पंचायत माना कैंप 75.38 69.55 नगर पंचायत खरोरा 84.39 76.92 (नोट : अभनपुर पहले नगर पंचायत था, वहीं मंदिरहसौद, समोदा और चंदखुरी शामिल नहीं थे।)
कहीं इशारों में, तो कहीं हाथ जोड़कर वोट मांगते रहे प्रत्याशी
निगम चुनाव के दौरान अधिकांश प्रत्याशियों का दिन मतदान केंद्रों के गेट के बाहर बीता। हर आने-जाने वालों को अभिवादन करते नजर आए। किसी को हाथ जोड़कर, तो किसी को इशारों-इशारों में समर्थन मांगते रहे। शहर के लगभग सभी मतदान केंद्रों में यही नजारा था। इसके अलावा अधिकांश मतदान केंद्र खाली-खाली रहे।
रानी लक्ष्मी बाई वार्ड-10 मतदान केंद्र-मोवा आत्मानंद स्कूल
CG Nikay Chunav Voting 2025: दोपहर 12 बजे मतदान केंद्र के मेन गेट के पास राजनीतिक दल के प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ खड़े थे। आने-जाने वाले वोटरों को कभी इशारे से तो कभी हाथ जोड़कर अपने पक्ष में वोट डालने की मांग करते रहे। उनके समर्थक भी अपने-अपने मोहल्ले के वोटरों को रिझाने की कोशिश करते रहे। मतदान केंद्र-बीपी पुजारी स्कूल
दोपहर 2 बजे तक राजा तालाब के बीपी पुजारी स्कूल में मतदाताओं की संख्या काफी कम थी।
मतदान केंद्र के बाहर प्रत्याशी और उनके समर्थकों की भीड़ ही नजर आ रही थी। यहां भाजपा-कांग्रेस के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान है। इस कारण काफी कड़ी टक्कर है। प्रत्याशी आने-जाने वाले मतदाताओं का अभिवादन करते नजर आए।
बताने वाला कोई नहीं, परेशान हुए वोटर
कई वोटर ऐसे पहुंचे, जिनका मतदान केंद्र यहां नहीं था। उनका मतदान केंद्र दलदलसिवनी था। वोटरों को उनके सही मतदान केंद्र के बारे में बताने वाला कोई नहीं था। प्रशासन की ओर से कोई ऐसा व्यक्ति नहीं था, जो उनको जानकारी दे। कोई पूछताछ केंद्र भी नहीं था। इससे वोटरों में भारी नाराजगी थी।