scriptक्या रुकेगा रूस-यूक्रेन युद्ध? तुर्की में होगी दोनों पक्षों में बातचीत | Russia and Ukraine to hold talks in Turkey capital Istanbul | Patrika News
विदेश

क्या रुकेगा रूस-यूक्रेन युद्ध? तुर्की में होगी दोनों पक्षों में बातचीत

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल में ज़्यादा समय से जारी युद्ध में अब तक शांति वार्ता सफल नहीं हुई है। अब दोनों देशों के बीच एक बार फिर बातचीत होगी और यह बातचीत तुर्की की राजधानी इस्तांबुल में होगी।

भारतJul 22, 2025 / 09:54 am

Tanay Mishra

Vladimir Putin and Volodymyr Zelenskyy

Vladimir Putin and Volodymyr Zelenskyy (Photo – Washington Post)

रूस (Russia) और यूक्रेन (Ukraine) के बीच पिछले तीन साल से भी ज़्यादा समय से युद्ध चल रहा है। वर्ल्ड वॉर 2 के बाद से रूस-यूक्रेन युद्ध अब तक का सबसे विनाशकारी युद्ध है। इस युद्ध की वजह से यूक्रेन में काफी तबाही मची है। यूक्रेन में इस युद्ध की वजह से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है और कई शहर तबाह हो गए हैं। लगातार मिले इंटरनेशनल सपोर्ट की वजह से यूक्रेनी सेना अभी भी इस युद्ध में डटी हुई है और रूसी सेना को भी काफी नुकसान हुआ है। युद्ध की शुरुआत के समय से ही दुनियाभर में इस बात की मांग उठ रही है कि दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म होना चाहिए। हालांकि अभी तक दोनों ही देश किसी शांति समझौते पर नहीं पहुंचे हैं। दोनों पक्षों के बीच इस बारे में बातचीत भी हुई है, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। अब एक बार फिर दोनों पक्षों के बीच इस विषय में बातचीत होने वाली है।

तुर्की में होगी बातचीत

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में शांति स्थापित करने के विषय में अगले दौर की बातचीत भी तुर्की (Turkey) में ही होगी। पिछली बार की ही तरह दोनों पक्षों के बीच तुर्की की राजधानी इस्तांबुल (Istanbul) में बातचीत होगी, जिसके बारे में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की (Volodymyr Zelenskyy) ने जानकारी दी।

कब होगी बातचीत?

रूस और यूक्रेन के बीच तुर्की की राजधानी इस्तांबुल में बातचीत कब होगी, यह एक अहम सवाल है, क्योंकि दोनों पक्षों की तरफ से अलग-अलग जवाब सामने आ रहा है। यूक्रेन की तरफ से कहा जा रहा है कि दोनों देशों के बीच बुधवार, 23 जुलाई को बातचीत होगी। वहीं रूस की तरफ से कहा जा रहा है कि यह बातचीत गुरुवार, 24 जुलाई को होगी। हालांकि दोनों पक्ष बुधवार को इस्तांबुल पहुंच जाएंगे।

क्या पुतिन और ज़ेलेन्स्की होंगे शामिल?

रूस और यूक्रेन के बीच अब तक हुई बातचीत में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेन्स्की एक-साथ शामिल नहीं हुए हैं। ऐसे में इस बात की संभावना जताई जा रही है कि इस बार भी दोनों का प्रतिनिधिमंडल ही इस्तांबुल में होने वाली बातचीत में शामिल होगा।

Hindi News / World / क्या रुकेगा रूस-यूक्रेन युद्ध? तुर्की में होगी दोनों पक्षों में बातचीत

ट्रेंडिंग वीडियो