ऐसा इसलिए है ,क्योंकि भाजपा के 215 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। इसमें 68 नगर पालिका की 196 सीट, जूनागढ़ महानगर पालिका की 9 सीट, तहसील पंचायत और उप चुनाव की 10 सीट पर नामांकन-पत्र भरने वाले प्रत्याशी शामिल हैं।
भाजपा के प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित होने पर कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कई आरोप भी लगाए हैं, जिसमें नीति-नियमों की अनदेखी करने और प्रत्याशियों को डराने-धमकाने का आरोप शामिल है। मंगलवार को उम्मीदवारी पत्र वापस लेने का अंतिम दिन था।
गुजरात प्रदेश भाजपा के मीडिया संयोजक डॉ.यज्ञेश दवे ने कहा कि स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के 215 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। यह दर्शाता है कि जनता भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि 68 नगरपालिका में भाजपा के 196 प्रत्याशी, जूनागढ़ मनपा में 9, तहसील पंचायत के चुनाव ,उप चुनाव में 10 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
4 नपा में निर्विरोध होने पर ही भाजपा को बहुमत
दवे ने कहा कि चार नगर पालिकाएं तो ऐसी हैं, जिसमें भाजपा के निर्विरोध निर्वाचित हुए प्रत्याशियों की संख्या बहुमत के जादूई आंकड़े से भी ज्यादा है। इसमें भचाऊ नपा में 28 सीटों में से 22 सीट पर भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। हालोल नपा में 36 में से 19 प्रत्याशी, जाफराबाद नपा में 28 में से 16 और बांटवा नपा में 24 में से 15 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। ऐसे में चुनाव से पहले ही इन नपा पर भाजपा का कब्जा हो गया है।
भाजपा ने की लोकतंत्र की हत्या, आयोग में शिकायत: इसुदान
जामनगर.अहमदाबाद. आम आदमी पार्टी (आप) के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में लोकतंत्र की हत्या की है। देवभूमि द्वारका जिले की भाणवड़ नगरपालिका में आम आदमी पार्टी के 8 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र रद्द होने पर इसुदान ने कहा कि भाणवड़ में नगरपालिका में रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) ने भाजपा व मंत्री के दबाव के कारण उनके प्रत्याशियों के नामांकन पत्र रद्द कर दिए। साक्ष्य भी नष्ट कर दिए गए हैं। पार्टी इस मुद्दे को गुजरात उच्च न्यायालय तक लेकर जाएगी। चुनाव आयोग के समक्ष भी इसकी शिकायत की जाएगी। उन्होंने भाणवड़ नगर पालिका का चुनाव रद्द करने की भी मांग की है। उन्होंने आयोग में शिकायत करने के बाद कहा कि भाणवड नपा के रिटर्निंग ऑफिसर ने दर्ज कराई आपत्ति के संदर्भ में खुलासा करने का समय भी नहीं दिया। भाणवड़ नपा वार्ड नंबर 2 और 6 में आप मजबूत थी।
नामांकन-पत्र वापस लेने को डराया-धमकाया, लालच भी दी: ठुमर
गुजरात प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष जेनी ठुमर ने आरोप लगाया है कि नगरपालिका के कांग्रेस प्रत्याशियों पर उम्मीदवारी पत्र वापस लेने का दबाव डाला जा रहा है। भाजपा के आदेश पर प्रशासन भी सक्रिय हुआ है, नोटिस जारी किए गए हैं। राजुला नपा के एक नोटिस को साझा करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह गंभीर आरोप लगाया। इसमें उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों को चार से छह लाख रुपए तक ऑफर किए गए, जो फिर भी नहीं माने उन्हें धमकी भी दी जा रही है।