scriptजल गंगा संवर्धन अभियान : अनूपपुर जिले में 3500 से अधिक जल संरचनाओं का होगा संवर्धन | Patrika News
अनूपपुर

जल गंगा संवर्धन अभियान : अनूपपुर जिले में 3500 से अधिक जल संरचनाओं का होगा संवर्धन

मध्यप्रदेश शासन के वन, पर्यावरण राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा है कि जल ही पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व का आधार है। इस की एक-एक बूंद सहेजने की आवश्यकता है। प्रदेश में 30 मार्च से शुरू हुआ जल गंगा जल संवर्धन अभियान का सिलसिला जन-सहभागिता से अब जन अभियान बन […]

अनूपपुरApr 28, 2025 / 11:51 am

Sandeep Tiwari

मध्यप्रदेश शासन के वन, पर्यावरण राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा है कि जल ही पृथ्वी पर जीवन के अस्तित्व का आधार है। इस की एक-एक बूंद सहेजने की आवश्यकता है। प्रदेश में 30 मार्च से शुरू हुआ जल गंगा जल संवर्धन अभियान का सिलसिला जन-सहभागिता से अब जन अभियान बन चुका है। प्रभारी मंत्री रविवार को जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ के ग्राम पंचायत करौंदाटोला में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ‘जल-गंगा संवर्धन अभियान’ अब प्रदेश के हर गांव, हर परिवार और हर नागरिक की सहभागिता वाला जन-अभियान बन गया है। अभियान के अंतर्गत नदी, खेत तालाब, पोखर सहित सभी जल स्रोतों के संरक्षण का कार्य चल रहा है। सभी मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारियों तथा आम नागरिक अपने-अपने स्तर पर 90 दिन तक चलने वाले इस अभियान का हिस्सा बनकर अपना योगदान दे रहे हैं, जो अत्यंत सराहनीय है। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि अनूपपुर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत 3500 से अधिक तालाबों एवं जल स्रोतों का संरक्षण एवं संवर्धन का लक्ष्य रखा गया है। जिसके तहत प्रतिदिन विभिन्न प्रकार की गतिविधियों की जाती है, जिससे जल का संरक्षण एवं संवर्धन हो सके। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत तन्मय वशिष्ठ शर्मा, जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ अध्यक्ष मिथिलेश सिंह, जिला पंचायत सदस्य भुवनेश्वरी सिंह, आत्मा गवर्निंग बोर्ड की सदस्य रश्मि खरे, एसडीएम पुष्पराजगढ़ सुधाकर सिंह बघेल, सीईओ जनपद पुष्पराजगढ़ गणेश पांडे सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।

तालाब जीर्णोद्धार कार्य के दौरान किया श्रमदान

प्रभारी मंत्री ने करौंदा टोला के स्थानीय तालाब में जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया तथा श्रमदान कर जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से अपील भी की कि सभी ग्रामीण जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सहभागिता निभाते हुए जल स्रोतों को सहेजने एवं उनका संवर्धन करने का कार्य करें।

बीजापुरी को आदर्श पर्यटक ग्राम के रूप में किया जाएगा विकसित

मध्य प्रदेश शासन के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री एवं अनूपपुर जिले के प्रभारी मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा है कि बीजापुरी नंबर 01 की स्थानीय प्रतिभा के विकास के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। स्थानीय कलाओं के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्थानीय कला को प्रेरित एवं प्रोत्साहित करने के लिए लोकल फॉर वोकल का फॉर्मूला देश को बताया है, इसे अपनाकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं हमारी सरकार कार्य कर रही है। प्रभारी मंत्री ग्राम बीजापुरी नंबर वन में कारीगर वर्कशॉप में पारंपरिक कला के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीजापुरी नंबर 01 को एक आदर्श पर्यटक ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां की कला, संस्कृति और परंपराएं अत्यंत समृद्ध हैं और इनका संरक्षण न केवल हमारी सांस्कृतिक जिम्मेदारी है, बल्कि यह ग्रामीण विकास और रोजगार के नए द्वार खोलने का भी माध्यम है। यहां की सांस्कृतिक विरासत, कला एवं परंपराओं को संजोकर उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण व संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। बीजापुरी नंबर वन गांव अपनी सांस्कृतिक पहचान, जीवंत परंपराओं और कला के लिए जाना जाता है, जिस पर पूरे जिले को गर्व है। यहां की संस्कृति को संरक्षित कर उसे पर्यटन से जोडऩे की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक हस्तशिल्प, चित्रकला, बांस शिल्प और लौह कला का निरीक्षण भी किया और स्थानीय कारीगरों की प्रतिभा की सराहना की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा कर इन विभिन्न कलाओं के संबंध में विधिवत जानकारी प्राप्त की।

Hindi News / Anuppur / जल गंगा संवर्धन अभियान : अनूपपुर जिले में 3500 से अधिक जल संरचनाओं का होगा संवर्धन

ट्रेंडिंग वीडियो